सावन की सोमवारी पर उमड़ी श्रद्धालुओं और कांवरियों की भारी भीड़, विधायक संजीव सरदार ने सपरिवार की पूजा-अर्चना

हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंजा हरिणा मुक्तेश्वर धाम, झांकी बनी आकर्षण का केंद्र

पोटका। कोल्हान के प्रसिद्ध शिवालय, पोटका प्रखंड के हरिणा स्थित मुक्तेश्वर धाम में सावन की सोमवारी के अवसर पर श्रद्धालुओं और कांवरियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हिंदी भाषियों का पहला तथा बंगाली भाषियों का तीसरा सावन सोमवार होने के कारण सुबह से ही मंदिर परिसर में भगवान भोलेनाथ के दर्शन एवं जलाभिषेक के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। श्रद्धालु लंबी कतारों में घंटों प्रतीक्षा करने के बाद बाबा मुक्तेश्वरनाथ का जलाभिषेक कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना करते नजर आए। पूरे दिन मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से गूंजता रहा और देर शाम तक जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना का सिलसिला जारी रहा।

सपरिवार बाबा के दरबार में पहुंचे विधायक

सावन की सोमवारी के अवसर पर पोटका विधायक संजीव सरदार भी सपरिवार एवं अपने समर्थकों के साथ हरिणा मुक्तेश्वर धाम पहुंचे और बाबा भोलेनाथ की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस दौरान विधायक ने कहा कि हरिणा मुक्तेश्वर धाम तीन राज्यों के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। सावन माह में यहां बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार द्वारा मंदिर एवं आसपास के क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं, जो अब पूर्ण होने के कगार पर हैं। जल्द ही यहां निर्मित बायो डायवर्सिटी पार्क का उद्घाटन होगा, जो श्रद्धालुओं के साथ-साथ पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनेगा।

झांकी और भक्ति कार्यक्रम ने बांधा समां

कांवरियों एवं श्रद्धालुओं के मनोरंजन और धार्मिक उत्साह को बढ़ाने के लिए विधायक संजीव सरदार की ओर से मंदिर प्रांगण में झांकी एवं भक्ति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन विधायक ने किया। झांकी एवं भक्ति संगीत श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र रहा। दिनभर कांवरिया और श्रद्धालु भक्ति गीतों एवं झांकी कलाकारों के साथ झूमते नजर आए। विधायक ने कहा कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी श्रद्धालुओं के मनोरंजन एवं धार्मिक उत्साह को देखते हुए यह आयोजन किया जा रहा है, जो सावन की अंतिम सोमवारी तक जारी रहेगा।

सुरक्षा और व्यवस्था में जुटी रही पुलिस एवं स्थानीय कमेटी

श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को लेकर कोवाली पुलिस एवं स्थानीय मंदिर कमेटी की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। भीड़ को देखते हुए श्रद्धालुओं के लिए पूजा-अर्चना एवं आवागमन को सुचारु बनाए रखने का प्रयास किया गया।

इस अवसर पर बज्रांकन दंडपात, दीपंकर सीट, देव पालित, सागर सीट, अनिरुद्ध नायक, रोहित राम, संस्कार कुमार, दीपक सरदार, सरोज सीट, रूपक सीट, अमल सीट, सूरज नायक, राहुल सरकार, सितांशु नायक, खिरोद सीट सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई