मझगांव में एयर मार्सल पिंगुवा हत्याकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त डंडा बरामद

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मझगांव थाना क्षेत्र के कुशनुपुर गांव में हुए एयर मार्सल पिंगुवा हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त करीब तीन फीट लंबा डंडा भी बरामद कर जब्त कर लिया है।

पुलिस के अनुसार 26 जून 2026 को कुशनुपुर गांव के स्थानीय ग्रामीण मुंडा से सूचना मिली थी कि टोला मुंडासाई निवासी एयर मार्सल पिंगुवा (50), पिता स्व. सोवन पिंगुवा की अज्ञात लोगों ने सिर पर हमला कर हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही मझगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची, जहां मृतक का शव उसके पुराने घर में जमीन पर पड़ा मिला। शव के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा भेजा गया।

मृतक के चचेरे भाई चमन प्रकाश पाठ पिंगुवा (24), पिता आश्विनी कुमार पाठ पिंगुवा के आवेदन पर मझगांव थाना कांड संख्या 16/2026, दिनांक 26 जून 2026, धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। अनुसंधान के दौरान पुलिस ने 16 जुलाई 2026 को मामले के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में युदू पुरती (29), पिता स्व. सिदियू पुरती, निवासी कुशनुपुर, टोला गाढ़ासाई तथा जवाहर लाल चातार उर्फ रंजीत उर्फ जाला (21), पिता जानुम सिंह चातार, निवासी कुशनुपुर, टोला धातारसाई शामिल हैं। दोनों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त डंडा बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

छापामारी दल में शामिल अधिकारी

धीरज कुमार यादव, पुलिस अवर निरीक्षक सह थाना प्रभारी, मझगांव थाना

गार्दी सुण्डी, पुलिस अवर निरीक्षक, मझगांव थाना

सुभाष दास, सहायक अवर निरीक्षक, मझगांव थाना

मझगांव थाना के सशस्त्र बल के जवान

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अपराध से संबंधित सूचना मिलने पर तुरंत नजदीकी थाना, डायल-112 या पुलिस कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 9508243546 पर सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई