डीएसडी गोदाम में श्रमिकों की कथित मनमानी से राशन वितरण प्रभावित, डीलर संघ ने की कार्रवाई की मांग
पोटका: पोटका स्थित जेएफसीआई गोदाम में कार्यरत कुछ श्रमिकों की कथित मनमानी के कारण जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत खाद्यान्न का समय पर उठाव प्रभावित हो रहा है। इससे क्षेत्र के हजारों राशन कार्डधारियों तक समय पर अनाज नहीं पहुंच पा रहा है। इस मामले में एम ओ पोटका एवं गोदाम प्रबंधक विशाल कुमार ने पोटका थाना को लिखित आवेदन देकर हस्तक्षेप की मांग की है। उनका आरोप है कि कुछ श्रमिक अपनी सुविधा के अनुसार कार्य करते हैं और कई बार बिना कारण काम बंद कर सरकारी व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करते हैं।

दूसरे स्थान से श्रमिक बुलाने पर भी उन्हें काम नहीं करने देने का आरोप लगाया गया है। डीलरों ने गोदाम परिसर में अशोभनीय भाषा के प्रयोग की भी शिकायत की है, जिससे विशेषकर महिला डीलरों को परेशानी होती है। डीलर संघ ने गोदाम प्रबंधक की कार्रवाई का समर्थन करते हुए संबंधित श्रमिकों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई और स्थायी समाधान की मांग की है, ताकि डीलरों को समय पर खाद्यान्न मिले और पात्र लाभुकों को उनके हक का राशन समय पर उपलब्ध कराया जा सके।





