तीन महीने से नहीं हुई मानगो नगर निगम बोर्ड की बैठक, सरयू राय ने उठाए सवाल; कहा शीघ्र हो बैठक

जमशेदपुर। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने मानगो नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए अपर नगर आयुक्त को पत्र लिखकर निगम बोर्ड की बैठक शीघ्र बुलाने की मांग की है।

पत्र में सरयू राय ने लिखा है कि नगर निगम अधिनियम के प्रावधानों का पालन नहीं किया जा रहा है। मानगो नगर निगम बोर्ड की पहली बैठक 16 अप्रैल 2026 को हुई थी, जिसकी सूचना उन्हें पदेन सदस्य के रूप में दी गई थी। लेकिन इसके बाद तीन महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद बोर्ड की दूसरी बैठक नहीं बुलाई गई है।

उन्होंने पत्र में उल्लेख किया है कि नगरपालिका अधिनियम के अनुसार निगम बोर्ड की बैठक प्रत्येक माह कम-से-कम एक बार आयोजित किया जाना अनिवार्य है। इसके बावजूद लगातार बैठक नहीं होना नियमों की अनदेखी है।

उन्होंने कहा कि इससे नगर निगम के महत्वपूर्ण प्रशासनिक और विकास संबंधी निर्णय प्रभावित हो रहे हैं।

सरयू राय ने यह भी कहा कि 16 अप्रैल को हुई पहली बोर्ड बैठक की कार्यवाही (मिनट्स) की प्रति भी अब तक उन्हें उपलब्ध नहीं कराई गई है, जबकि वे बोर्ड के पदेन सदस्य हैं।

विधायक ने अपर नगर आयुक्त से कहा है कि पिछली बैठक की कार्यवाही की प्रति उन्हें शीघ्र उपलब्ध कराई जाए तथा मानगो नगर निगम बोर्ड की अगली बैठक तत्काल आहूत की जाए, ताकि जनहित और विकास से जुड़े लंबित मामलों पर नियमानुसार निर्णय लिए जा सकें।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई

सांसद बिद्युत बरण महतो ने केन्द्रीय जल शक्ति मंत्रालय के सचिव अर्चना वर्मा से मुलाकात कर प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के अंतर्गत पटमदा-बोड़ाम मेगा लिफ्ट सिंचाई योजना को केंद्रीय सहायता में शामिल करने की मांग की है।