SBI से सुरक्षा कर्मियों को हटाए जाने पर बवाल, 140 गार्डों के समर्थन में JMM का धरना
जमशेदपुर:जमशेदपुर में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के एटीएम और शाखाओं में कार्यरत सुरक्षा कर्मियों को अचानक हटाए जाने के विरोध में शुक्रवार को बड़ा प्रदर्शन देखने को मिला। जिले के करीब 140 सुरक्षा कर्मियों ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के बैनर तले उपायुक्त कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान नई सुरक्षा एजेंसी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और पुराने सुरक्षा कर्मियों को दोबारा नौकरी पर रखने की मांग उठाई गई।
धरना प्रदर्शन में पोटका विधायक संजीव सरदार भी सुरक्षा कर्मियों के समर्थन में शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने उपायुक्त से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और जल्द से जल्द सभी हटाए गए सुरक्षा कर्मियों को पुनः बहाल करने की मांग की।
सुरक्षा कर्मियों ने कहा कि वे पिछले 15 से 20 वर्षों से SBI बैंक और एटीएम में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्य कर रहे थे, लेकिन नई एजेंसी आने के बाद बिना किसी पूर्व सूचना या नोटिस के उन्हें नौकरी से हटा दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि अचानक रोजगार छिन जाने से उनके परिवारों के सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है और कई परिवार भुखमरी की स्थिति में पहुंच चुके हैं।
प्रदर्शन कर रहे कर्मियों ने कहा कि नई एजेंसी स्थानीय और पुराने कर्मचारियों की अनदेखी कर बाहरी लोगों को नौकरी देने का प्रयास कर रही है। उन्होंने जिला प्रशासन से हस्तक्षेप कर पुरानी सेवा दे रहे सुरक्षा कर्मियों को ही प्राथमिकता के आधार पर नौकरी दिलाने की मांग की।
वहीं विधायक संजीव सरदार ने कहा कि झारखंड सरकार स्थानीय लोगों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि राज्य में रोजगार के अवसरों में सबसे पहले स्थानीय लोगों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सुरक्षा कर्मियों को जल्द बहाल नहीं किया गया तो झारखंड मुक्ति मोर्चा सड़क से लेकर आंदोलन तक उग्र विरोध करने को बाध्य होगा।
धरना प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में सुरक्षा कर्मी और झामुमो कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में स्थानीय लोगों के रोजगार की सुरक्षा और न्याय की मांग उठाई।





