जुगसलाई में कपड़ा व्यवसायी की दुकान पर फायरिंग मामले में मनीष सिंह गिरोह के दो और सदस्य गिरफ्तार, पिस्टल व गोली बरामद
जमशेदपुर : जुगसलाई थाना क्षेत्र में कपड़ा व्यवसायी की दुकान पर फायरिंग मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरीय पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मनीष सिंह गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक पिस्टल और दो जिंदा गोली बरामद की गई है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार अपराधियों का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है और वे कई आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं। पूछताछ में दोनों ने जुगसलाई थाना क्षेत्र में कपड़ा व्यवसायी की दुकान पर हुई फायरिंग की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
बताया जा रहा है कि व्यवसायी को डराने और इलाके में दहशत फैलाने के उद्देश्य से इस घटना को अंजाम दिया गया था। घटना के बाद से ही पुलिस लगातार छापेमारी अभियान चला रही थी। इसी क्रम में दिनांक 20 मई 2026 को पुलिस ने इस कांड में शामिल छह अपराधियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा था। अब दो और अपराधियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस इसे बड़ी सफलता मान रही है।
पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य फरार अपराधियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। शहर में संगठित अपराध और रंगदारी गिरोह के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।






