अग्रवाल सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बसंत मित्तल ने झारखंड में संगठन पुनर्गठन का बिगुल फूंका

अग्रवाल सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बसंत मित्तल ने झारखंड में संगठन पुनर्गठन का बिगुल फूंका

उमेश शाह पदमुक्त, नई तदर्थ समिति गठित

संदीप मुरारका बने झारखंड प्रदेश संयोजक, कमल किशोर अग्रवाल सह-संयोजक

धनबाद के नंदलाल अग्रवाल को राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष की बड़ी जिम्मेदारी

जमशेदपुर, 26 मई. अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन में राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर राँची, झारखंड के बसंत मित्तल के निर्वाचित होने के बाद अब संगठन को राष्ट्रीय स्तर पर नई ऊर्जा और नई दिशा देने की प्रक्रिया तेज हो गई है. राष्ट्रीय नेतृत्व संभालते ही बसंत मित्तल ने झारखंड प्रदेश में लंबे समय से शिथिल पड़े संगठन को पुनः सक्रिय एवं सशक्त बनाने की दिशा में बड़े और निर्णायक कदम उठाए हैं. राष्ट्रीय पदाधिकारियों की नई दिल्ली में संपन्न महत्वपूर्ण बैठक के निर्णयानुसार झारखंड प्रदेश कार्यकारिणी को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया तथा प्रदेश अध्यक्ष उमेश शाह सहित वर्तमान प्रदेश पदाधिकारियों के सभी दायित्व एवं अधिकार समाप्त कर दिए गए.

संगठन के पुनर्गठन एवं विस्तार हेतु नई तदर्थ समिति का गठन किया गया है. इसके अंतर्गत युवा नेतृत्वकर्ता संदीप मुरारका को झारखंड प्रदेश का प्रदेश संयोजक तथा वरिष्ठ समाजसेवी कमल किशोर अग्रवाल को प्रदेश सह-संयोजक मनोनीत किया गया है.
नई तदर्थ समिति को प्रदेशभर में संगठन विस्तार, नई शाखाओं के गठन, सदस्यता अभियान, महिला इकाइयों के गठन एवं निष्पक्ष संगठनात्मक चुनाव संपन्न कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है.

इसके साथ ही पूर्वी सिंहभूम जिला अग्रवाल सम्मेलन के अध्यक्ष सुशील कुमार अग्रवाल का त्यागपत्र भी स्वीकार कर लिया गया. पूर्वी सिंहभूम जिला अग्रवाल सम्मेलन की इकाई अब निर्वाचित जिलाध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल गोल्डी की अध्यक्षता में कार्य करेगी.

वहीं गोविंदपुर, धनबाद के प्रतिष्ठित समाजसेवी एवं उद्योगपति नंदलाल अग्रवाल को अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन का राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष मनोनीत किया गया है. नंदलाल अग्रवाल झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी युवा मंच के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं. उनके मनोनयन से झारखंड के युवाओं में नया उत्साह एवं राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का सम्मान और अधिक बढ़ा है.

इसी क्रम में राँची, झारखंड के समाजसेवी एवं युवा व्यवसायी मनोज बजाज को अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन का राष्ट्रीय मंत्री मनोनीत किया गया है. अग्रवाल सम्मेलन के सदस्यों ने बसंत मित्तल एवं राष्ट्रीय महामंत्री गोपाल गोयल के नेतृत्व में लिए गए इन निर्णयों का स्वागत करते हुए इसे झारखंड में अग्रवाल समाज के लिए नए युग की शुरुआत बताया है. संगठन से जुड़े लोगों का मानना है कि यह परिवर्तन केवल पद परिवर्तन नहीं, बल्कि समाज को एकजुट, सक्रिय और मजबूत बनाने की व्यापक पहल है.

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई