आंख में गोली लगने से युवक की गई रोशनी, दो महीने बाद दर्ज हुई FIR
रांची : राजधानी रांची के चुटिया थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक की आंख में गोली मार दी गई, जिससे उसकी एक आंख की रोशनी चली गई। घटना करीब दो महीने पुरानी बताई जा रही है, लेकिन अब पीड़ित की हालत बिगड़ने और आंख की रोशनी पूरी तरह खत्म होने के बाद मामला थाने तक पहुंचा है। घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
घर के बाहर युवक को मारी गोली
जानकारी के अनुसार, गोसाई टोली निवासी इंदर कुमार महतो ने चुटिया थाना में दर्ज शिकायत में बताया कि 26 मार्च की दोपहर करीब 3:30 बजे वह अपने घर के बाहर खड़े थे। इसी दौरान राजा कुमार वहां पहुंचा और अचानक उन पर गोली चला दी। गोली सीधे उनकी बाईं आंख में जा लगी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़े। आनन-फानन में परिजन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे।
इलाज के बावजूद नहीं बच सकी आंख की रोशनी
घटना के बाद परिजनों ने इंदर कुमार को पहले कश्यप मेमोरियल आई हॉस्पिटल में भर्ती कराया। बाद में उन्हें सदर अस्पताल ले जाया गया। काफी इलाज और डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद उनकी बाईं आंख की रोशनी नहीं बचाई जा सकी। पीड़ित का कहना है कि इस घटना ने उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल दी है।
केस नहीं करने का बनाया दबाव
पीड़ित ने आरोप लगाया है कि घटना के बाद आरोपी राजा कुमार और उसके पिता धनेश्वर महतो लगातार उन पर मामला दर्ज नहीं कराने का दबाव बनाते रहे। दोनों समझाने और बहलाने की कोशिश करते रहे ताकि पुलिस तक मामला न पहुंचे। इंदर कुमार का कहना है कि गोली लगने के बाद उनकी तबीयत लगातार खराब थी, इसलिए वह पहले थाना नहीं जा सके।
परिवार में दहशत, सुरक्षा की मांग
पीड़ित परिवार ने पुलिस से सुरक्षा की मांग की है। उनका कहना है कि आरोपी अभी भी खुलेआम घूम रहा है, जिससे परिवार के लोग डरे हुए हैं। परिजनों को किसी बड़ी अनहोनी की आशंका सता रही है।
वहीं, चुटिया थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि घटना पुरानी जरूर है, लेकिन मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जाएगी और सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






