मिश्रा बगान फायरिंग मामले में पुलिस को बड़ी सफलता, दो आरोपी हथियार के साथ गिरफ्तार
जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र के मिश्रा बगान में बीते दिनों हुई फायरिंग मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक देसी पिस्टल, जिंदा कारतूस, खोखा और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार करीब एक वर्ष पहले संदीप पाण्डेय द्वारा फफू उर्फ रितेश कुमार सिंह, निवासी मिश्रा बगान, का समर्थन कर हाथ-पैर तोड़े जाने की घटना हुई थी। उसी घटना का बदला लेने की नीयत से 8 मई 2026 की रात मिश्रा बगान इलाके में फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया था। इस संबंध में टेल्को थाना में कांड संख्या 68/26 दर्ज किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक नगर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 10 मई की रात करीब 8 बजे गुप्त सूचना के आधार पर भगवान बिरसा मुंडा चौक से सलगाझुरी फाटक की ओर जाने वाली सड़क के पास छापेमारी की।
इस दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनू झा (29 वर्ष), पिता महेश झा, निवासी प्रेमनगर रोड नंबर-1, टेल्को थाना क्षेत्र तथा रितेश कुमार सिंह उर्फ फफू (29 वर्ष), पिता स्वर्गीय किशोर कुमार सिंह, निवासी मिश्रा बगान, आरबी झा किरायेदार, टेल्को थाना क्षेत्र के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान सोनू झा के पास से एक 7.65 बोर की देसी पिस्टल, तीन जिंदा गोलियां, दो खोखा तथा एक रेडमी कंपनी का स्क्रीन टच मोबाइल बरामद किया गया। पूछताछ में सोनू झा ने खुलासा किया कि उसने यह अवैध हथियार सरायकेला क्षेत्र से खरीदा था और इसका उपयोग आपराधिक गतिविधियों में करता था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है। सोनू झा और रितेश कुमार सिंह के खिलाफ पूर्व में भी कई गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं। सोनू झा हत्या जैसे गंभीर मामले में जेल भी जा चुका है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और मामले में अन्य संलिप्त लोगों की तलाश जारी है। इस कार्रवाई में टेल्को थाना प्रभारी समेत कई पुलिस पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।







