डुमरिया अंचल कार्यालय में नहीं बैठ रहे सीओ,परेशान लोगों ने विधायक संजीव सरदार से लगाई गुहार, कार्रवाई की मांग
डुमरिया अंचल कार्यालय में कामकाज ठप, अधिकारियो की अनुपस्थिति से विकास कार्य बाधित
पोटका: पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत डुमरिया प्रखंड में अंचल कार्यालय की कार्यशैली को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। रविवार को डुमरिया क्षेत्र के कई ग्रामीणों ने पोटका के विधायक संजीव सरदार से उनके तुरामडीह स्थित कार्यालय में मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखीं और अंचल अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
अंचल कार्यालय में नहीं बैठने का आरोप, कामकाज प्रभावित
ग्रामीणों ने विधायक को बताया कि डुमरिया के अंचल अधिकारी पवन कुमार पिछले कई दिनों से नियमित रूप से कार्यालय में उपस्थित नहीं हो रहे हैं। इससे जमीन संबंधित मामलों, प्रमाण पत्र, सत्यापन और विभिन्न सरकारी कार्यों में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि अंचल अधिकारी की अनुपस्थिति के कारण कई जरूरी फाइलें लंबित पड़ी हैं और आम लोगों को बार-बार कार्यालय का चक्कर लगाना पड़ रहा है।
सत्यापन और स्वीकृति नहीं मिलने से बढ़ी परेशानी
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई मामलों में अंचल अधिकारी द्वारा समय पर सत्यापन और स्वीकृति नहीं मिलने के कारण योजनाओं और जरूरी प्रशासनिक कार्यों में बाधा उत्पन्न हो रही है। इससे ग्रामीणों में असंतोष लगातार बढ़ता जा रहा है। लोगों ने विधायक से मांग की कि मामले की उच्चस्तरीय जांच कर संबंधित अधिकारी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाए।
जनता को परेशान करने वाले अधिकारियों पर होगी कार्रवाई — विधायक
मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक संजीव सरदार ने कहा कि जनता की समस्याओं की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि इस मामले को जिले के वरीय अधिकारियों के समक्ष उठाया जाएगा और अंचल कार्यालय की कार्यप्रणाली की जांच कर कार्रवाई की मांग की जाएगी। विधायक ने कहा कि सरकारी कार्यालयों में अधिकारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित होना जरूरी है, ताकि ग्रामीणों को समय पर न्याय और सुविधा मिल सके।
विधायक से मिलने वालों में डुमरिया के कुवार कृष्णा बास्के, लखन सोरेन, छोटाराय माझी और बुदन बास्के मुख्य रूप से उपस्थित थे।







