जनता दल यूनाइटेड, पूर्वी सिंहभूम
बिजली की आंख-मिचौनी से त्रस्त जमशेदपुर का गैर कंपनी कमांड क्षेत्र और मानगो नगर निगम के इलाके, विधायक सरयू राय के निर्देश पर जदयू का प्रतिनिधिमंडल महाप्रबंधक से मिला
जमशेदपुर के गैर-कंपनी इलाकों एवं मानगो नगर निगम क्षेत्र में लगातार हो रही घंटों की बिजली कटौती और लचर व्यवस्था को लेकर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के निर्देशानुसार जनता दल (यूनाइटेड) का एक प्रतिनिधिमंडल जिला अध्यक्ष श्री सुबोध श्रीवास्तव के नेतृत्व में झारखंड विद्युत वितरण लिमिटेड के महाप्रबंधक से मिला।
प्रतिनिधिमंडल ने महाप्रबंधक को अवगत कराया कि पिछले कई दिनों से बिजली की आंख-मिचौनी से आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित है। जमशेदपुर एक मजदूर प्रधान शहर है, जहां दिनभर कड़ी मेहनत के बाद जब मजदूर अपने घर लौटते हैं तो बिजली नहीं रहने के कारण उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। भीषण गर्मी में यह समस्या और भी गंभीर हो गई है।
बिजली की अनियमित आपूर्ति के कारण छात्रों की पढ़ाई बाधित हो रही है, वहीं बुजुर्गों एवं महिलाओं के लिए स्थिति अत्यंत कष्टदायक हो गई है। आम जनता में इसको लेकर भारी आक्रोश व्याप्त है।
महाप्रबंधक ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि समस्या के समाधान के लिए विभाग गंभीर है और जल्द ही स्थिति में सुधार किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल के पहुंचने की सूचना पर महाप्रबंधक ने अपने अभियंताओं के साथ आकस्मिक बैठक कर समस्या के शीघ्र समाधान हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा भरोसा दिलाया कि एक-दो दिनों में स्थिति सामान्य हो जाएगी।
जनता दल (यूनाइटेड) ने चेतावनी दी है कि यदि बिजली आपूर्ति की स्थिति में जल्द सुधार नहीं हुआ तो जनाक्रोश को देखते हुए पार्टी आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
अतः विद्युत विभाग से मांग की जाती है कि इस गंभीर समस्या को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान किया जाए, ताकि भीषण गर्मी में आम जनता को राहत मिल सके।
प्रतिनिधिमंडल में युवा मोर्चा अध्यक्ष नीरज सिंह, जनसुविधा प्रतिनिधि पप्पू सिंह, अमित शर्मा, बीर सिंह देवगम, कदमा मंडल अध्यक्ष तारक मुखर्जी, जिला सचिव मनोज सिंह, उपेंद्र सिंह, मुकेश सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।






