पोटका : नेशनल हाईवे-220 पर हाता माता आश्रम के समीप बनी नवनिर्मित पुलिया इन दिनों लोगों के लिए खतरे का कारण बन गई है। स्थानीय निवासी आनंद पाल एवं श्यामल मंडल के अनुसार, इस पुलिया का निर्माण कार्य वर्षों से चल रहा है, लेकिन आज तक इसे पूरी तरह से पूरा नहीं किया गया है।
हालांकि पुलिया लगभग बनकर तैयार है, लेकिन बीते करीब एक वर्ष से इसके दोनों छोर पर पहुंच पथ (एप्रोच रोड) का निर्माण नहीं किया गया है। इसके चलते पुलिया के पहले और बाद में बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं और लोग हादसों का शिकार बन रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार जिला प्रशासन को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। वहीं, इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों वाहनों का आवागमन होता है, जिससे आसपास के क्षेत्र में धूल और प्रदूषण भी बढ़ गया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द पुलिया के दोनों ओर पहुंच पथ का निर्माण कराया जाए, ताकि दुर्घटनाओं पर रोक लग सके और लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।







