जमशेदपुर:जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के सर्किट हाउस एरिया निवासी युवा उद्यमी कैरव गांधी के अपहरण मामले को लेकर विधायक सरयू राय ने पुलिस प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर कैरव गांधी की सकुशल बरामदगी नहीं होती है तो 3 फरवरी 2026 (मंगलवार) को जमशेदपुर में मौन विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
विधायक सरयू राय ने कहा कि कैरव गांधी 13 जनवरी से लापता हैं और उनके अपहरण के बाद फिरौती के लिए परिवार को फोन कॉल भी आया है। पुलिस और प्रशासनिक स्तर पर प्रयास जारी रहने की बात कही जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस और सार्वजनिक सूचना सामने नहीं आई है। इससे शहर में भ्रम और असुरक्षा का माहौल बन गया है।
उन्होंने कहा कि पुलिस महानिदेशक के जमशेदपुर आगमन से लोगों को उम्मीद जगी थी कि मामले में कोई बड़ा खुलासा होगा, लेकिन अब तक कोई सकारात्मक संकेत नहीं मिला है। इस घटना से खासकर उद्यमियों और व्यवसायियों के बीच भय और असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।
विधायक सरयू राय ने घोषणा की कि यदि कैरव गांधी की सकुशल वापसी सुनिश्चित नहीं की जाती है तो 3 फरवरी को गांधी घाट से उपायुक्त कार्यालय तक मौन जुलूस निकाला जाएगा। इस दौरान प्रदर्शनकारी मुंह पर पट्टी बांधकर हाथों में तख्तियां लेकर प्रशासन के प्रति अपना आक्रोश व्यक्त करेंगे।
उन्होंने जमशेदपुर के सभी सामाजिक, राजनीतिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक संगठनों से इस शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है। सरयू राय ने कहा कि यह आंदोलन पीड़ित परिवार के दर्द को स्वर देने और शहर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए किया जाएगा।
अंत में उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे इस ज्वलंत समस्या के समाधान के लिए एकजुट होकर कार्यक्रम में भाग लें और कैरव गांधी की शीघ्र सकुशल वापसी सुनिश्चित कराने में अपनी भूमिका निभाएं।






