रेल लेट, यात्री परेशान – कब सुधरे व्यवस्था?
मधु कोड़ा ने दक्षिण-पूर्व रेलवे से की त्वरित कार्रवाई की मांग
चाईबासा।
रेल यात्रियों की लगातार बढ़ती परेशानियों को लेकर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री व पूर्व सांसद मधु कोड़ा ने दक्षिण-पूर्व रेलवे से अविलंब कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चक्रधरपुर रेल मंडल से होकर गुजरने वाली ट्रेनों के नियमित रूप से विलंबित संचालन पर गहरी चिंता व्यक्त की है।
मधु कोड़ा ने कहा कि एक्सप्रेस, पैसेंजर, डीएमयू और शटल ट्रेनों का रोजाना कई घंटों की देरी से चलना आम बात हो गई है। इससे छात्रों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और ग्रामीण यात्रियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि हावड़ा–बड़बिल, हावड़ा–टाटा, हावड़ा–राउरकेला, टाटा–गुवा, टाटा–बड़बिल और पुरी–बड़बिल जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनें अपने निर्धारित समय से 5 से 6 घंटे तक विलंब से चल रही हैं, जिससे यात्रियों की दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित हो रही है।
मधु कोड़ा ने कहा कि चक्रधरपुर रेल मंडल से रेलवे को हर वर्ष अच्छा राजस्व प्राप्त होता है, इसके बावजूद समयपालन और यात्री सुविधाओं में सुधार नहीं होना बेहद चिंताजनक है।
इसी क्रम में उन्होंने डंगुआपोसी में दक्षिण-पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और ट्रेनों के संचालन में सुधार की मांग की।
उन्होंने आशा जताई कि रेलवे प्रशासन यात्रियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र ठोस कदम उठाएगा।





