गोविंदपुर में चोरी का खुलासा: चार आरोपी चोरी के सामान के साथ गिरफ्ता
जमशेदपुर : गोविंदपुर थाना क्षेत्र के जोजोबेड़ा शिव मंदिर के पास निर्माणाधीन मकान से देर रात गेट और ग्रिल एंगल की चोरी की घटना को पुलिस ने कम समय में सुलझा लिया। गुरुवार की सुबह पुलिस ने छापेमारी कर चारों आरोपियों को चोरी किए गए सामान के साथ गिरफ्तार कर लिया है। सभी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
गिरफ्तार आरोपियों में परसुडीह थाना क्षेत्र के बारीगोड़ा निवासी संजय गोप, जोजोबेड़ा शिव मंदिर के पास रहने वाला निरज कुमार, अभिषेक कुमार उर्फ बिल्ला और प्रेम कुमार शामिल हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी में प्रयुक्त डाला टेंपो, साथ ही घर का गेट और ग्रिल एंगल भी बरामद कर लिया है। बरामद सामान की पुष्टि मकान मालिक ने भी की है।
गोविंदपुर पुलिस ने इस चोरी का खुलासा काफी अनोखे तरीके से किया। घटना के दौरान किसी स्थानीय व्यक्ति ने चोरी कर रहे आरोपियों और टेंपो पर लोड किए जा रहे सामान की तस्वीर खींच ली थी। फोटो में सभी आरोपी साफ दिख रहे थे। यही तस्वीर पुलिस के लिए सबसे बड़ा सुराग साबित हुई। पुलिस ने तस्वीर के आधार पर तुरंत पहचान करते हुए छापेमारी शुरू की और सुबह होते-होते सभी आरोपियों को पकड़ लिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सभी आरोपियों ने चोरी की बात स्वीकार कर ली है। वे निर्माणाधीन मकान से रात में चोरी कर गेट और ग्रिल एंगल बेचने की फिराक में थे। पुलिस की तत्परता से न सिर्फ आरोपियों की गिरफ्तारी हुई बल्कि चोरी का सामान भी पूरी तरह बरामद हो गया। स्थानीय लोगों ने त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस की सराहना की है। पुलिस अब आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।





