सीतारामडेरा में पारिवारिक विवाद के बाद महिला की आत्महत्या, पुलिस जांच में जुटी

सीतारामडेरा में पारिवारिक विवाद के बाद महिला की आत्महत्या, पुलिस जांच में जुट

 

जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना क्षेत्र स्थित सुपरवाइज़र फ्लैट में बुधवार देर शाम एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना करीब 7.30 बजे की है। मृतका की पहचान 43 वर्षीय सारिका देवी, पत्नी लोक विजय के रूप में हुई है। लोक विजय टाटा स्टील में कार्यरत हैं। जानकारी के अनुसार, दोपहर में खाना खाने के बाद पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि इसी विवाद के कुछ घंटों बाद सारिका देवी ने आत्मघाती कदम उठा लिया।

 

घटना के बाद परिजनों ने उन्हें फंदे से उतारा और तत्काल इलाज के लिए टीएमएच अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की एक 20 वर्षीय बेटी भी है, जो घटना से सदमे में है।

 

सूचना मिलने पर सीतारामडेरा पुलिस टीएमएच पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। आवश्यक औपचारिकताओं के बाद गुरुवार को शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस पारिवारिक विवाद की वजह समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिवार के बयान के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

 

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पति-पत्नी के विवाद को लेकर पड़ोसियों से भी जानकारी ली जा रही है। फिलहाल मामले में यूडी केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई