सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय, पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा
झारखंड राज्य के स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के मंत्री डॉ.इरफान अंसारी का निर्धारित कार्यक्रम के तहत आज पश्चिमी सिंहभूम जिला आगमन हुआ, जहां चाईबासा परिसदन में जिला उपायुक्त श्री चंदन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक श्री अमित रेनू के द्वारा पुष्प गुच्छ प्रदान कर उनका स्वागत किया गया। इसके उपरांत स्वास्थ्य मंत्री डॉ.अंसारी के द्वारा सदर अस्पताल-चाईबासा पहुंचकर जिला अस्पताल का निरीक्षण किया गया। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री के द्वारा सर्वप्रथम सदर अस्पताल परिसर स्थित रक्त अधिकोष केंद्र का जायजा लिया गया, साथ ही उनके द्वारा केंद्र में संपादित रक्त जांच प्रक्रिया का गहन अवलोकन किया गया। अवलोकन के क्रम में स्वास्थ्य मंत्री के द्वारा जिले के उपायुक्त एवं सिविल सर्जन को स्वास्थ्य सेवाओं में उत्तरोत्तर सुधार हेतु आवश्यक एवं उचित दिशा निर्देश भी दिया गया।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ.अंसारी ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य के सभी 24 जिलों में संचालित रक्त अधिकोष केंद्र का जांच करने का निर्देश दिया गया है और विशेष टीम का गठन कर चाईबासा से ही इसकी शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि सदर अस्पताल चाईबासा का निरीक्षण के क्रम में विभिन्न वार्ड सहित कैंटीन, दवा वितरण केंद्र, निबंधन काउंटर आदि का भी गहन अवलोकन किया गया है। इस दौरान सदर अस्पताल के ओपीडी विभाग में उपस्थित विभिन्न मरीजों से भी स्वास्थ्य सुविधा से संबंधित जानकारी प्राप्त की गई है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य अंतर्गत स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त करने के लिए राज्य सरकार काफी गंभीर है और इसके लिए नित्य नए निर्णय भी लिए जा रहे हैं। अभी वर्तमान में नए एंबुलेंस खरीदने का भी कार्य किया जा रहा है।
उक्त निरीक्षण के दौरान जिले की सिविल सर्जन डॉ भारती मिंज, सदर चाईबासा अनुमंडल पदाधिकारी श्री संदीप अनुराग, सदर अस्पताल उपाधीक्षक डॉ.शिवचरण हांसदा, सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री बहामन टुटी, नजारत उप समाहर्ता श्री देवेंद्र कुमार, गोपनीय प्रभारी श्री कुमार हर्ष सहित चिकित्सा पदाधिकारी व अन्य उपस्थित रहे।




