साकची के बाटा चौक में व्यापारी पर चाकू से हमला, पूर्व कर्मचारी हिरासत में
जमशेदपुर : साकची के भीड़भाड़ वाले बाटा चौक पर शुक्रवार देर शाम उस समय सनसनी फैल गई जब चिरंजीलाल एंड संस के मालिक विशाल अग्रवाल पर उनके ही पूर्व कर्मचारी ने चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल अग्रवाल को तुरंत टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी की पहचान परसुडीह निवासी सम्राट सुभाजित रॉय के रूप में हुई है। वह पहले इसी दुकान में काम करता था, लेकिन कुछ दिन पहले मालिक ने उसे नौकरी से निकाल दिया था। शुक्रवार को सम्राट अचानक दुकान पर पहुंचा और अपने बकाए ₹1000 की मांग करने लगा। इसी बात को लेकर बहस बढ़ी और आरोपी ने आवेश में आकर जेब से चाकू निकालकर अग्रवाल पर वार कर दिया।
घटना के बाद दुकान और आसपास अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को अस्पताल भेजा गया और पुलिस को सूचना दी गई। साकची थाना पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को काबू में किया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक जांच में यह मामला रुपयों की मांग और बेरोजगारी से उपजी नाराजगी का बताया जा रहा है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके खिलाफ केस दर्ज करने की प्रक्रिया में जुटी है।
इस घटना ने व्यापारी वर्ग को झकझोर दिया है। आसपास के व्यापारियों का कहना है कि हाल के दिनों में असामाजिक तत्वों की घटनाएं बढ़ी हैं। उन्होंने मांग की कि पुलिस बाजार क्षेत्र में गश्त तेज करे और सुरक्षा को सख्त बनाए। वहीं, पुलिस अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि आरोपी पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी और शहर के व्यावसायिक क्षेत्रों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।





