नीमडीह में अवैध शराब के विरुद्ध विशेष अभियान, तीन महुवा भट्टियों का ध्वस्तीकरण

नीमडीह में अवैध शराब के विरुद्ध विशेष अभियान, तीन महुवा भट्टियों का ध्वस्तीकरण

जमशेदपुर : आगामी दुर्गा पूजा पर्व को लेकर नीमडीह थाना पुलिस ने अवैध शराब निर्माण एवं बिक्री पर विशेष अभियान चलाया है। इस अभियान के तहत नीमडीह थाना पुलिस ने ग्राम जुगिलोंग के किनारे अवैध महुवा शराब की भट्टियों पर छापा मारकर तीन महुवा शराब भट्टियों को ध्वस्त कर दिया। साथ ही पुलिस ने करीब 300 किलो ग्राम जावा महुवा शराब को भी जब्त कर विधि सम्मत तरीके से नष्ट किया गया है।

नीमडीह थाना प्रभारी ने बताया कि अवैध शराब निर्माण एवं बिक्री पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया है। अभियान के दौरान अवैध महुवा शराब भट्टी संचालकों की पहचान की गई और उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। इसके साथ ही पुलिस उन सभी पूर्व से चिन्हित एवं आरोपपत्रित अवैध देशी महुवा भट्ठी संचालकों पर भी कड़ी नजर बनाए हुए है, ताकि अवैध शराब निर्माण एवं बिक्री की समस्या को पूर्णतः समाप्त किया जा सके।

नीमडीह थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि दुर्गा पूजा जैसे बड़े पर्व को ध्यान में रखते हुए अवैध शराब की बिक्री रोकना और समाज में व्याप्त शराब माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई करना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने यह भी कहा कि अवैध शराब न केवल कानून विरुद्ध है, बल्कि यह सामाजिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के लिए भी खतरा है, इसलिए इस पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस प्रशासन की यह पहल स्थानीय लोगों में सकारात्मक प्रतिक्रिया प्राप्त कर रही है। ग्रामीणों ने भी पुलिस की इस मुहिम का समर्थन करते हुए कहा कि अवैध शराब की उपलब्धता पर रोक लगना समाज के लिए बेहद आवश्यक है। आगामी दुर्गा पूजा पर्व को शांति, सुरक्षा एवं सामाजिक सद्भाव के साथ मनाने के उद्देश्य से नीमडीह पुलिस अवैध शराब के विरुद्ध अभियान को निरंतर जारी रखेगी।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई