इपीएस 95मिलने को हरी झंडी देने के बाद इपीएफओ के आयुक्त पहुंचे टाटा वर्कर्स यूनियन, बताया – टाटा स्टील के कर्मचारियों और अधिकारियों को होगा लाभ
जमशेदपुर : टाटा स्टील के कर्मचारियों को इपीएस 95 (उच्च पेंशन स्कीम) का लाभ मिलने के बाद इपीएफओ के कमिश्नर उपेंद्र प्रताप सिंह और कमिश्नर 2 प्रशांत कुमार का टाटा वर्कर्स यूनियन में अभिनंदन किया गया. यूनियन का इन दोनों आयुक्तों ने दौरा किया और किस तरह यहां कर्मचारियों के हित में काम होता है, इसके बारे में बारीकी से समझा. इस दौरान आयुक्त उपेंद्र प्रताप सिंह ने पूरे आदेश की जानकारी दी और इपीएस 95 का लाभ किसको मिल सकता है और किसको नहीं मिल सकता और कैसे आवेदन कर सकते है और कैसे नहीं कर सकते है, इसके बारे में जानकारी दी. केंद्र सरकार द्वारा लाये गये नये इएलआइ योजना की भी जानकारी उन्होंने दी, जिसमें यह बताया गया कि किस तरह नये रोजगार मिलने पर कर्मचारियों को अतिरिक्त वेतन के साथ 15 हजार रुपये मिलेगा और बहाल करने वाली कंपनी या नियोक्ता को भी हर माह तीन हजार रुपये प्रत्येक कर्मचारी मिला करेगी.इसके अलावा भारत सरकार की सारी योजनाओं की विस्तार से उन्होंने जानकारी दी. इस दौरान उन्होंने टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु के प्रयासों की सराहना की और कहा कि श्री चौधरी ने इपीएस 95 को लेकर काफी मेहनत की थी. केंद्र सरकार के अलावा इपीएफओ जमशेदपुर के साकची स्थित ऑफिस कई बार चक्कर लगाये, जिसके बाद इसकी फिर से समीक्षा की गयी, जिसके बाद टाटा स्टील के कर्मचारियों और अधिकारियों को इपीएस 95 का लाभ देने पर सहमति बनी.





