जुगसलाई घोड़ा चौक रेलवे अंडरपास के पास भारी बारिश में वाहन नाले में गिरे
जमशेदपुर, 10 सितंबर 2025: आज सुबह जुगसलाई क्षेत्र के घोड़ा चौक रेलवे अंडरपास के पास भारी बारिश के कारण जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई। लगातार दो घंटे तक बरसात होने से अंडरपास में पानी भर गया और तेज बहाव के चलते कई वाहन नियंत्रण खो बैठें। कुछ वाहन नाले में गिर गए, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पानी में फंसे वाहन चालकों को सुरक्षित बाहर निकालने का काम शुरू कर दिया गया। डीएसपी नीरज कुमार ने बताया कि राहत कार्य जारी है और लोगों से सुरक्षित मार्ग अपनाने की अपील की गई है। उन्होंने कहा कि जल्द से जल्द पानी निकासी के प्रयास किए जा रहे हैं ताकि यातायात बहाल किया जा सके।
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि यह अंडरपास बरसात के समय अक्सर जलजमाव की समस्या का शिकार होता रहा है। उन्होंने प्रशासन से स्थायी उपाय अपनाने की मांग की है। फिलहाल, किसी भी वाहन चालक या राहगीर के घायल होने की खबर नहीं आई है। प्रशासन और पुलिस टीम लगातार राहत कार्य में जुटी हुई है।





