नई दिल्ली: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कर्नाटक के कारवार विधानसभा क्षेत्र से विधायक सतीश कृष्ण सैल को मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में गिरफ्तार किया है. एजेंसी ने बुधवार को यह जानकारी दी.
ईडी के बेंगलुरु क्षेत्रीय कार्यालय ने विधायक से दिन भर की पूछताछ के बाद मंगलवार रात को उन्हें गिरफ्तार किया. विधायक उसी दिन एजेंसी के सामने पेश हुए थे. मामले से जुड़े अधिकारियों ने एएनआई को बताया कि सैल अपनी पेशी से पहले “समन से बच रहे थे.” विधायक को आज बाद में अदालत में पेश किया जाएगा.
यह कदम ईडी के बेंगलुरु क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा इस मामले के संबंध में धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 के प्रावधानों के तहत कारवार (उत्तर कन्नड़), गोवा, मुंबई और नई दिल्ली में कई स्थानों पर तलाशी अभियान चलाने के एक महीने बाद उठाया गया है. छापे 13 और 14 अगस्त को मारे गए.





