पलामू: पलामू के मनातू के केदल गांव में टीएसपीसी और पुलिस के बीच में मुठभेड़ में दो जवान शहीद हुए थे. टीएसपीसी का प्रभाव पलामू, चतरा, लातेहार, हजारीबाग, रांची एवं रामगढ़ के इलाके में है.
अफीम एवं कोयला की लेवी से यह संगठन फल फूल रहा है. टीएसपीसी का मुख्यालय फिलहाल पलामू, चतरा सीमावर्ती इलाके में शिफ्ट हो गया है. पलामू के मनातू के केदल का रहने वाला 10 लाख का इनामी शशिकांत गंझू टीएसपीसी के सुप्रीमो की भूमिका में है.
पलामू एवं चतरा सीमा पर पुलिस एवं सुरक्षाबलों की टीएसपीसी के साथ लगातार मुठभेड़ हो रही है. 2023 के बाद से इस इलाके में 8 से अधिक बार मुठभेड़ हुई है. मुठभेड़ में हर बार टॉप कमांडर शशिकांत गंझू बच निकला है. हालांकि 6 महीने पहले टीएसपीसी के सुप्रीमो में आक्रमण गंझू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था. पलामू-चतरा सीमा पर मौजूद टीएसपीसी के दस्ते में शामिल अधिकतर सदस्य माओवादी से जुड़े रहे हैं.





