छोटा गोविंदपुर में धूमधाम से सम्पन्न हुई राधा-बानो-कृष्णा प्रतियोगिता
छोटा गोविंदपुर, संवाददाता।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव की श्रृंखला में कृष्णा बॉयज समिति द्वारा वीर कुंवर सिंह स्टेडियम में रविवार को राधा-बानो-कृष्णा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे नन्हे-मुन्ने जब राधा और कृष्ण रूप में मंच पर उतरे तो तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा पंडाल गूंज उठा। बाल कलाकारों ने अपनी अदाकारी और मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों को भाव-विह्वल कर दिया।
कार्यक्रम में जेवियर पब्लिक स्कूल, छोटा गोविंदपुर के निदेशक सुनील सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों की प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ सांस्कृतिक धरोहर को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम हैं।
प्रतियोगिता में मिशिका सिंह ने प्रथम, अक्षत चौधरी ने द्वितीय और आकांक्ष शर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। समिति लगातार 18 वर्षों से यह आयोजन कर रही है, जिसमें इस बार भी बड़ी संख्या में अभिभावक और बच्चे शामिल हुए।
आगे होंगे ये आयोजन
भक्ति संध्या जागरण – 18 अगस्त, रात 8 से 11 बजे तक
मटकी फोड़ प्रतियोगिता (बच्चों के लिए) – 19 अगस्त, रात 7 से 9 बजे तक
मटकी फोड़ प्रतियोगिता (महिलाओं के लिए) – 20 अगस्त, रात 9 से 10 बजे तक
मटकी फोड़ प्रतियोगिता (पुरुषों के लिए) – 21 अगस्त, रात 10 से 11 बजे तक
प्रतिमा विसर्जन – 22 अगस्त
जन्माष्टमी महोत्सव का मुख्य आकर्षण सात दिवसीय मेला है, जिसमें मीना बाजार और बच्चों-बड़ों के लिए झूले लोगों को आनंदित कर रहे हैं। कार्यक्रमों की श्रृंखला आने वाले दिनों में भक्तिमय एवं सांस्कृतिक वातावरण बनाए रखेगी।






