जमशेदपुर में कांग्रेस का मशाल जुलूस, बिहार में कथित वोट चोरी के विरोध में प्रदर्शन
जमशेदपुर : बिहार राज्य में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण में कथित रूप से वोट चोरी के मामलों को लेकर विपक्ष के नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रहे आंदोलन को मजबूती देने के लिए जमशेदपुर में कांग्रेस पार्टी ने मशाल जुलूस निकाला।
यह जुलूस साकची रामलीला मैदान से शुरू होकर साकची गोलचक्कर तक पहुंचा, जहां कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में चुनाव आयोग और केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
जुलूस का नेतृत्व झारखंड युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष सत्यम सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि देश के वीर महापुरुषों ने अपने बलिदान से जनता को वोट का अधिकार दिलाया था, लेकिन आज चुनाव आयोग और केंद्र सरकार इस अधिकार को छीनने का काम कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि लाखों की संख्या में फर्जी वोटरों से मतदान कराया जा रहा है और सही मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जा रहे हैं।
सिंह ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी इस अन्याय को बर्दाश्त नहीं करेगी और इसके खिलाफ राष्ट्रीय स्तर पर लगातार आंदोलन जारी रहेगा।






