जमशेदपुर में बारिश ने मचाई तबाही, सोनारी आदर्श नगर 7th फेज नार्थ में 1000 लोग घरों में कैद
जमशेदपुर। लौहनगरी जमशेदपुर के पश्चिम विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत सोनारी आदर्श नगर 7th फेज नार्थ में लगातार मूसलाधार बारिश ने लोगों की जिंदगी को अस्त-व्यस्त कर दिया है। बीते 48 घंटों से हो रही तेज बारिश के कारण लगभग 200 परिवारों के 1000 से अधिक लोग अपने घरों में कैद होकर रह गए हैं। जलजमाव और कीचड़ के कारण स्थानीय लोगों की रोजमर्रा की आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई है। बारिश की मार का आलम यह है कि दोपहिया वाहन तक चलने लायक नहीं बचे हैं। क्षेत्र में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण सैकड़ों वाहन पानी में डूब कर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। नागरिकों का आरोप है कि हर वर्ष बारिश में यही हाल होता है, लेकिन नेता, मंत्री और समाजसेवी केवल आश्वासन देकर निकल जाते हैं, ठोस कदम नहीं उठाए जाते।स्थानीय निवासी राजेश सिंह का कहना है,”हर साल बारिश के समय यही हालत होती है। बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे, बुजुर्ग बीमार होकर भी डॉक्टर तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। कोई सुनने वाला नहीं है।”लोगों ने आदर्श नगर सोसाइटी और प्रशासन से मांग की इलाके की जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए और स्थायी समाधान निकाला जाए। ताकि हर साल की यह परेशानी अब इतिहास न बने।स्थानीय फाल्गुनी राय ने बताया मुख्य सड़क में जेएनएससी के अधीन नाला जाम होने के कारण फ्लेट का पानी निकल नही रहा।अब तो जलजमाव की मात्रा इतनी अधिक है कि पम्प भी काम नही कर रहा। उन्होंने जिला प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई।






