केंद्र की मोदी सरकार के 11 वर्षों की उपलब्धि पर भाजपा जमशेदपुर गुरुवार को लगाएगी भव्य प्रदर्शनी, प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी करेंगे उद्घाटन, प्रोफेशनल मीट में शहर के प्रबुद्धजनों से भी करेंगे संवाद
जमशेदपुर। भारतीय जनता पार्टी नीत केंद्र सरकार के 11 वर्ष पूरे होने पर भाजपा जमशेदपुर महानगर के तत्वावधान में गुरुवार को साकची स्थित जिला भाजपा कार्यालय पर सुबह 10 बजे भव्य प्रदर्शनी का उद्घाटन किया जाएगा। बुधवार को भाजपा जमशेदपुर महानगर की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में जिलाध्यक्ष सुधांशु ओझा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण, आत्मनिर्भर एवं शक्तिशाली भारत तथा विकास के साथ विरासत को समर्पित केन्द्र सरकार के 11 वर्षों पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन प्रदेश अध्यक्ष सह नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी करेंगे। वहीं, प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी सुबह 11 बजे बिस्टुपुर स्थित चैंबर भवन में आयोजित होने वाले प्रोफेसनल मीट में शहर के प्रबुद्धजनों से सीधा संवाद करेंगे।
भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने बताया कि कार्यक्रम में शामिल होने हेतु प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी का आगमन बुधवार देर रात जमशेदपुर आएंगे। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की सफलता के निमित्त पार्टी की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी है। सुधांशु ओझा ने शहर के नागरिकों और भाजपा कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे प्रदर्शनी में शामिल होकर पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की विकास यात्रा की झलक अवश्य देखें।






