चाईबासा में युवा कांग्रेस की जिला कार्यकारिणी की बैठक संपन्न, वृहद जनांदोलन की बनी रणनीति
चाईबासा, 13 अप्रैल 2025: युवा कांग्रेस की जिला कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को कांग्रेस भवन, चाईबासा में जिलाध्यक्ष प्रीतम बांकिरा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में यात्री ट्रेनों की लेटलतीफी, दिन में एनएच-75 पर भारी वाहनों की आवाजाही, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और सरकारी कार्यालयों में व्याप्त भ्रष्टाचार जैसे जनसरोकार से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई और इनके खिलाफ वृहद जनांदोलन चलाने की रणनीति बनाई गई।
बैठक में युवा कांग्रेस प्रदेश महासचिव वा जिला सह-प्रभारी राकेश साहू, कांग्रेस जिलाध्यक्ष चन्द्रशेखर दास, प्रदेश सचिव सुरेश संवैया और जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
जिलाध्यक्ष प्रीतम बांकिरा ने कहा कि शीर्ष नेतृत्व द्वारा संगठन को आगामी 100 दिनों का विशेष कार्यभार सौंपा गया है, जिसमें अप्रैल माह में जिला और प्रखंड कमेटियों का विस्तार, पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपना और सत्यापन प्रमुख बिंदु हैं। उन्होंने कहा कि अब संगठन सीधे आम जनता के मुद्दों को लेकर विधानसभा स्तर पर निर्णायक संघर्ष करेगा।
प्रीतम बांकिरा ने चाईबासा एनएच-75 पर दिन में भारी मालवाहक वाहनों के संचालन को आम नागरिकों के लिए खतरा बताया और कहा कि रेलवे में ट्रेनों की लगातार लेटलतीफी से यात्रियों को भारी असुविधा हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिला और रेलवे प्रशासन बड़े उद्योगपतियों के हितों की रक्षा में आम जनता की समस्याओं की अनदेखी कर रहा है। अब कांग्रेस संगठन इसे बर्दाश्त नहीं करेगा और एक सशक्त जनांदोलन खड़ा किया जाएगा।
सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि अधिकारियों ने रिश्वत को व्यवस्था का हिस्सा बना लिया है। अब समय आ गया है कि ऐसे भ्रष्ट अधिकारियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में युवा कांग्रेस के जिला प्रवक्ता सन्नी पाट पिंगुवा, जिला उपाध्यक्ष राजू कायम, जिला महासचिव सन्नी रॉबर्ट अंथोनी, जगन्नाथ प्रधान, ज्योति मुंडरी, मझगांव अध्यक्ष गोविंद पाट पिंगुवा, नगर अध्यक्ष रूपेश पुरती, नोवामुंडी अध्यक्ष संजीत तिरिया, हाटगमहारिया अध्यक्ष चन्द्रशेखर गागराई, नीरज साहू, युधिष्ठिर प्रधान, प्रवीण लागुरी, युवराज पुरती, प्रकाश तिरिया समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।






