हरिणा में धूमधाम से मनाया गया 44वां दिशुवा हादी बोंगा (सार्वजनिक सरहुल पूजा)
पोटका विधायक संजीव सरदार मुख्य अतिथि के रूप में हुए शामिल
पोटका प्रखंड के हरिणा स्थित मागाड़ बुरू दिशुम जायराथान में 44वां दिशुवा हादी बोंगा-2025 (सार्वजनिक सरहुल पूजा) धूमधाम से संपन्न हुआ। इस आयोजन की अगुवाई आदिम भूमिज मुंडा समाज कल्याण समिति, बुनुडीह ने की, जिसमें टाटा स्टील फाउंडेशन का सहयोग रहा।
झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और असम समेत विभिन्न राज्यों से 50,000 से अधिक भूमिज समाज के लोग इस महोत्सव में शामिल हुए। दिशुम नाया सुशांत सरदार के नेतृत्व में विधिवत सरहुल पूजा संपन्न हुई, जिसमें क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की गई। शाम को भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसके दौरान सामूहिक सरहुल नृत्य में हजारों लोगों ने भाग लिया।
इस अवसर पर स्थानीय विधायक संजीव सरदार, पूर्व विधायक मेनका सरदार सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे। विधायक संजीव सरदार ने इस पर्व को आदिवासी समाज का प्रमुख पर्व बताते हुए इसे प्रकृति से जुड़ा उत्सव करार दिया। उन्होंने कहा कि हरिणा में आयोजित यह ऐतिहासिक महोत्सव समाज की एकता का प्रतीक है और इसे इसी भव्यता से हर साल आयोजित किया जाना चाहिए।
कार्यक्रम को सफल बनाने में श्रीपति सरदार, रघुनाथ सरदार, कालिदास सरदार, संजय सरदार, दीपक सरदार, मनोरंजन सरदार, लक्ष्मण सरदार, बलराम सरदार, दमयंती सिंह, असीत सरदार, मनोज सरदार समेत कई लोगों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।






