इमैनुएल बैपटिस्ट चर्च, सीतारामडेरा में शताब्दी वर्ष इमैनुएल महोत्सव का आयोजन**

**इमैनुएल बैपटिस्ट चर्च, सीतारामडेरा में शताब्दी वर्ष इमैनुएल महोत्सव का आयोजन**

जैसे यीशु ने मत्ती 13:31-32 में सरसों के दाने के दृष्टांत द्वारा वर्णन किया, उसी प्रकार 1926 में सर्वशक्तिमान प्रभु ने कालीमाटी की इस्पात भूमि पर जमशेदपुर के सीतारामडेरा में इमैनुएल बैपटिस्ट चर्च के बीज को बोया। यह बीज तेज़ी से औद्योगिकीकरण के साथ बढ़ता गया और वर्तमान जमशेदपुर शहर में एक विशाल वृक्ष बन गया। आज यह वृक्ष अपनी शाखाओं को दूर-दूर तक फैलाकर अनेक लोगों को छाया, शीतल हवा और मधुर सुगंध प्रदान करता है।

इतिहास गवाह है कि प्रभु ने ओडिशा और बंगाल के सरल, गरीब, और कम पढ़े-लिखे लेकिन परमेश्वर के प्रति असीम उत्साही लोगों को जमशेदपुर की ओर आकर्षित किया, जहाँ कई कारखाने तेज़ी से स्थापित हो रहे थे। इनमें से प्रमुख नाम थे हरमोहन मोहंती, जॉन मोहंती, अमोस बेहरा, अरम चंद्र दास, नित्यनंद नाथ, भक्त चंद्र दास, जहरीलाल महापात्र, नबा कुमार प्रधान, पद्मलव प्रधान, नागेंद्र नाथ बिसोई, उपेंद्र नाथ बिसोई, जेम्स बेहरा, सुकुमार सरकार, गिवन मुखी, रिचर्ड मोहंती, अरुण राउल, और अन्य कुछ लोग।

प्रभु ने इन्हें टिनप्लेट कंपनी ऑफ इंडिया में रोज़गार दिलाया और दस नंबर बस्ती और आसपास के क्षेत्रों में रहने की व्यवस्था की। प्रारंभ में ये सभी रविवार को प्रभु की आराधना के लिए बेल्डीह बैपटिस्ट चर्च जाते थे। लेकिन यातायात और संचार के साधनों की कमी के कारण यह कठिन हो गया। इसलिए 1926 में, उन्होंने भाई हरमोहन मोहंती के घर “टाटा लाइन” में एकत्रित होकर आराधना करने का निर्णय लिया। अमेरिकी बैपटिस्ट मिशन ने इस व्यवस्था को स्वीकृति दी और बेल्डीह बैपटिस्ट चर्च के पास्टर को दस नंबर बस्ती में आकर संध्या उपासना करने की अनुमति दी। इस प्रकार, 1926 में इमैनुएल बैपटिस्ट चर्च की स्थापना हुई।

भले ही संस्थापक सदस्य अधिक शिक्षित या अनुभवी नहीं थे, लेकिन 1 कुरिन्थियों 1:26-28 के अनुसार, वे परमेश्वर के चुने हुए सेवक थे। प्रभु ने उन्हें पोषित किया और चर्च को फलने-फूलने में मदद की। 1930 में भाई हरमोहन मोहंती के घर के पास प्रार्थना कक्ष और पार्सनाग का निर्माण हुआ। लेकिन चर्च की तीव्र वृद्धि के कारण एक बड़े प्रार्थनास्थल की आवश्यकता महसूस हुई। 1954 में प्रभु ने चर्च को एक बड़ा भवन प्रदान किया। 1996 में इसका दायां भाग 12 फीट बढ़ाया गया और बाईं ओर विस्तार की योजना वर्तमान में चर्च को और भी सुविधाजनक बनाने की दिशा में कार्य संपन्न हुआ है।

हम, इस पवित्र धरोहर के वारिस, अपने पूर्वजों के पदचिन्हों पर चलने का संकल्प लेते हैं, जिन्होंने इतने संघर्षों और कठिनाइयों के बावजूद प्रभु की आज्ञा को पूरी निष्ठा से पालन किया।

आने वाले शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में इस वर्ष चर्च के प्रार्थना भवन की डिजाइन में नवीनीकृत किया गया है। इस वर्ष 2025 में शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में 1 जनवरी 2025 को पूरे दिन भर का कार्यक्रम रखा गया था।

इसी के मद्देनजर आने वाले 21, 22 एवं 23 फरवरी को झारखंड, ओडिशा, बंगाल एवं बिहार के मसीही महिलाओं के लिए तीन दिवसीय महिला सम्मेलन सुबह 9:00 बजे से दोपहर 1:00 तक का बृहत आयोजन किया जा रहा है। साथ ही साथ प्रतिदिन संध्या 5:30 बजे से रात्री 9:00 बजे तक जमशेदपुर के सभी विश्वासियों के लिए एक आत्मिक जागृति सभा “इमैनुएल महोत्सव” का मुख्य आयोजन किया गया है। इस शताब्दी वर्ष इमैनुएल महोत्सव में परमेश्वर के जीवित वचन को प्रचारित करने के लिए महान परमेश्वर के अभिषिक्त सेवक पास्टर अजीत होरो एवं सिस्टर आराधना होरो राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से पधार रहे हैं। जो उपस्थित विश्वासियों को पवित्र बाइबल से इमैनुएल अर्थात्‌ परमेश्वर हमारे साथ विषय पर प्रकाश डालेंगे। उपरोक्त शताब्दी वर्ष इमैनुएल महोत्सव के सफल आयोजन के लिए आज इमैनुएल बैप्टिस्ट चर्च प्रांगण में आयोजन समिति की एक अहम बैठक सम्पन्न हुई। जिसमें भिन्न-भिन्न कमिटी का गठन कर प्रत्येक सदस्यों को जिम्मेदारी सौंपी गई। उपरोक्त बैठक में करीब 110 सदस्यों ने ने अपनी उपस्थिति दर्ज करायी। सभी मिल कर इस समारोह को यादगार बनाने के लिए पुरजोर कोशिश कर रहे हैं। शताब्दी वर्ष महोत्सव आयोजन समिति में अध्यक्ष रौनक दास, मुख्य संयोजक समुएल महापात्र, उपाध्यक्ष माइकल दास, सह सचिव प्रतुष चौहान, खजांची थोमसन बेहरा, डिकन कमलेश एंड्रयू, जे पी प्रधान, इसाक समुएल, हेरोध कुमार, समिति सदस्य काजल दास, शंकर पदिया, अशोक मुखी, जेम्स तिग्गा, डिकसन नाथ और भाई मुर्मू एवं अंकेक्षक शांतनु बीसोई एवं पंकज गिरी है। एवं भिन्न भिन्न कमिटियों में सिस्टर शर्मिला, सिस्टर वंदना, सिस्टर सुलेखा, सिस्टर सुनीता, सिस्टर निरुपा, सिस्टर मौलिन, भाई सोमेश, भाई अभिषेक, भाई निर्मित, रेव शिशिर, भाई मोनू, भाई राहुल आदि को रखा गया है। चर्च के मुख्य पुरोहित पास्टर रेव एलियार टोप्पो को प्रार्थना कमिटी का संयोजक रखा गया है।
अंतिम में धन्यवाद ज्ञापन अध्यक्ष भाई रौनक दास द्वारा दिया गया। जिन्होंने परमेश्वर एवं उपस्थित सदस्यों के साथ साथ मीडिया के सभी बंधुओं और प्रसासन का भी आभार प्रकट किया।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई