जमशेदपुर मे क्रिसमस के पावन अवसर पर शहरवासियों के चेहरे पर मुस्कान लाने के लिए पप्पू सरदार ने सांता क्लॉज का रूप धारण कर शहर के विभिन्न इलाकों में भ्रमण किया।
सिने तारिका माधुरी दीक्षित के प्रशंसक पप्पू सरदार ने देर शाम बेल्डीह चर्च, जमशेदपुर अक्षेस कार्यालय, बसंत सिनेमा चौक, साकची गोलचक्कर, पलंग मार्केट मोड़, साकची और बिष्टुपुर मेन रोड जैसे प्रमुख स्थलों पर पहुंचकर कई प्रकार के उपहार बांटे। सांता क्लॉज की वेशभूषा में पप्पू सरदार ने न केवल बच्चों और युवाओं को खुश किया, बल्कि अपने संदेश के जरिए पर्यावरण और स्वच्छता के महत्व को भी उजागर किया। उन्होंने बताया कि स्वच्छता न केवल हमारे स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इसके साथ ही, पप्पू सरदार ने सभी से एक-दूसरे के प्रति दया और सहानुभूति दिखाने की अपील की। उन्होंने कहा, “हमारा समाज तभी स्वस्थ और मजबूत होगा, जब हम अपने आसपास के पर्यावरण को साफ-सुथरा रखेंगे और एक-दूसरे की मदद करेंगे, पप्पू सरदार की इस पहल ने न केवल क्रिसमस की खुशियां दीं, बल्कि स्वच्छता के प्रति जागरूकता भी बढ़ाई। उनके इस संदेश ने सभी को यह अहसास दिलाया कि हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है कि वह अपने परिवेश को स्वच्छ रखे, ताकि हम और हमारे आने वाली पीढ़ियां एक स्वस्थ और खुशहाल जीवन जी सकें। इस मौके पर शहरवासियों ने पप्पू सरदार की इस अनोखी पहल की सराहना की और उनके साथ मिलकर स्वच्छता के संदेश को फैलाने का संकल्प लिया।






