झारखंड की 3 लोकसभा सीटों पर मतदान खत्मः शाम 5 बजे तक 61.90% वोटिंग; हजारीबाग में सबसे ज्यादा 63.66% तो सबके कम चतरा में 60.26% मतदान रांची।लोकसभा के लिए झारखंड में दूसरे चरण की तीन सीटों पर मतदान आज खत्म हो गया। प्रदेश में शाम 5 बजे तक 61.90% फीसदी वोटिंग हुई। हजारीबाग में सबसे ज्यादा 63.66%, कोडरमा में 61.60% और चतरा में सबसे कम 60.26% वोटिंग हुई। वहीं, गांडेय विधानसभा उपचुनाव के लिए 3 बजे तक 53.83 फीसदी मतदान हुआ। हजारीबाग के कटकमदाग प्रखंड के कुसुम्भा में बूथ संख्या 183 और 184 में गांव वालों ने ओवर ब्रिज को लेकर वोटिंग का बहिष्कार किया। डीसी और एसपी के समझाने के बाद भी गांव वाले मतदान के लिए तैयार नहीं हुए। चतरा से बीजेपी कैंडिडेट कालीचरण ने सुबह अपने परिवार के साथ वोट डाला। वहीं, कोडरमा से भाजपा प्रत्याशी अन्नपूर्णा देवी ने भी मतदान किया। वोटिंग को लेकर लोगों में उत्साह देखने को मिला। मंत्री का गांव वालों ने किया विरोध
झारखंड सरकार के उद्योग मंत्री सत्यानंद भोक्ता जब आज अपने गांव कारी के आबुकातु पहुंचे तो गांव वालों ने उनका विरोध किया। गांव वालों ने आरोप लगाया कि वोट लेने के लिए तो मंत्री आगे आ जाते हैं पर लाभ देने के नाम पर पीछे हो जाते हैं और इसी वजह से गांव में मंत्री होने के बावजूद विकास शून्य है। ग्रामीण महिलाओं ने मंत्री पर क्षेत्र के बजाय खुद का विकास करने का आरोप लगाया है।
भाजपा- कांग्रेस में मुकाबला
चतरा में कांग्रेस ने केएन त्रिपाठी को उतारा है तो हजारीबाग में भाजपा से कांग्रेस में गए जयप्रकाश पटेल को टिकट दिया है। वहीं, कोडरमा लोकसभा सीट पर इंडिया गठबंधन ने माले को टिकट दिया, जहां से माले के एकमात्र विधायक विनोद सिंह चुनाव लड़ रहे हैं। एनडीए की ओर से तीन सीटों पर भाजपा लड़ रही है। उम्मीदवारों की बात करें तो चतरा में कालीचरण सिंह, हजारीबाग में मनीष जायसवाल और कोडरमा में केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी अपना भाग्य आजमा रही हैं।





