18 चेकनाकों पर एसडीओ, बीडीओ/सीओ, थाना प्रभारी रख रहे कड़ी निगरानी

जिला निर्वाचन पदाधिकारी श्री अनन्य मित्तल के निर्देशानुसार लोकसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर चेकनाकों पर 24×7 की जा रही वाहनों की सघन जांच

18 चेकनाकों पर एसडीओ, बीडीओ/सीओ, थाना प्रभारी रख रहे कड़ी निगरानी

लोकसभा आम चुनाव 2024 के मद्देनजर जिला निर्वाचन पदाधिकारी श्री अनन्य मित्तल के निर्देशानुसार जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में अन्तर्राज्यीय एवं अंतरजिला चेकनाका लगाकर तथा जिला के अंदर भी सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान चेकनाकों में सभी छोटे – बड़े वाहन, मालवाहक वाहनों के साथ-साथ लग्जरी वाहनों की भी तलाशी ली जा रही है। बुधवार को भी सभी चेकनाकों पर वाहन जांच अभियान चलाया गया। मौके पर उपस्थित दंडाधिकारी ने कहा कि लोकसभा आम चुनाव के मद्देनजर शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव कराने को लेकर वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है, इस क्रम में दो पहिया/चार पहिया एवं छोटे – बड़े वाहनों की भी तलाशी ली जा रही है। वाहनों से संबंधित दस्तावेज का भी जांच किया जा रहा है ताकि वाहनों के माध्यम से किसी प्रकार का फ्रिबिज, शराब, पैसा, ड्रग्स आदि के संदिग्ध गतिविधि का संचालन नहीं किया जा सके।

गौरतलब है कि जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने एडीएम लॉ एंड ऑर्डर, अनुमंडल पदाधिकारी, बीडीओ/सीओ एवं थाना प्रभारियों के साथ बैठक में जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में वाहन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया था। जिले में कुल 18 चेकनाका बनाये गये हैं जिसमें बहरागोड़ा में बडशोल और जामशोल, घाटशिला में गालूडीह, धालभूमगढ़ में 1 चेकनाका, जादूगोड़ा, मुसाबनी, सुंदरनगर, पोटका के हाता चौक में 1 चेकनाका, तिरिंग के पास कोवाली चेकपोस्ट, पटमदा में कमलपुर थाना के पास, पारडीह, डिमना चौक, एमजीएम थाना आदित्यपुर ब्रिज, खरकई ब्रिज आदित्यपुर व कदमा ब्रिज में 1 चेकनाका बनाया गया है।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने समस्त जिलावासियों से अपील किया कि वाहन चलाते समय अपने साथ वाहन के सभी कागजात दुरुस्त रखें तथा चेकनाकों पर मांगे जाने पर दण्डाधिकारी के समक्ष जरूर प्रस्तुत करें। साथ ही उन्होंने कहा कि अपने वाहन में किसी प्रकार का अवैध रूप से पैसे, फ्रिबिज, ड्रग्स, शराब आदि का परिवहन नहीं करें अन्यथा जांच के दौरान पकड़े जाने पर सुसंगत धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई