उन्नाव। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ों न्याय यात्रा बुधवार को उन्नाव जिले में सुबह के समय पहुंची। जहां कानपुर लखनऊ हाइवे होते हुये उन्नाव शहर पर पहुंचे। जहां पहले से इंतजार कर रहे कांग्रेस नेताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान अकरमपुर में रुककर कार्यकर्ताओं से बात की। बता दें कांग्रेस की भारत जोड़ा न्याय यात्रा बुधवार 09ः35 बजे लखनऊ से उन्नाव की सीमा पर पहुंची। जिसके बाद 09ः45 बजे अजगैन होते हुये सीधा उन्नाव बाईपास पर 09ः55 बजे पहुंची। जहां सुबह से यात्रा और राहुल गांधी का स्वागत करने के लिये सैकड़ों की संख्या में मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।
इस दौरान राहुल गांधी ने अकरमपुर में रुककर कुछ देर अपने कार्यकर्ताओं से बातचीत की। इसके बाद यात्रा 11:20 पर मरहला चौराहा शुक्लागंज होते हुए नवीन गंगा पुल से कानपुर की ओर निकल गयी। तमाम जगहों पर राहुल गांधी के स्वागत के लिये कार्यकर्ता खड़े रहे लेकिन उनके न रुकने पर कार्यकर्ताओं में मायूसी देखी गयी। राहुल गांधी के स्वागत में बेरोजगारी, भर्ती, रिजल्ट व पेपर आउट होने का मुद्दा गूंजा। युवाओं ने नौकरी नहीं मिलने के प्लेकार्ड दिखाए। राहुल ने नौकरी मांग रहे एनसीसी के ड्रेस कोड में आए युवक को गाड़ी के ऊपर बुलाया। इसी दौरान राहुल गांधी को एक बच्चे को पास बुलाकर पुचकारते हुए भी देखा गया।






