पटना: सीएम नीतीश कुमार के आदेश पर बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून लागू है। शराब पीना, पिलाना, बेचना, रखना, बनाना या लाना ले जाना सब अपराध है। इस बीच राजधानी पटना में सुरक्षा बलों ने 35 लाख की अवैध शराब जब्त किया है। तस्करों ने शराब ले जाने के लिए जो रणनीति बनाई थी उसे जानकर पुलिस दंग रह गई। बिहटा-खगौल मुख्य मार्ग पर मद्य निषेध व बिहटा पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर गुरुवार को छापेमारी कर थाना क्षेत्र चौक के पास से एक ट्रक पर लदी 3340 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की।
तस्करों से जब्त शराब की बाजार की कीमत 35 लाख रुपये से ऊपर बतायी जा रही है। पुलिस को देखकर भाग रहे चालक और उपचालक को गिरफ्तार कर लिया। दोनों की पहचान पंजाब के गुरुदासपुर,सदरथाना भूखरा निवासी रमन एवं राहुल मसीह के रूप में की जा रही है। मद्यनिषेध विभाग को गुप्त सूचना मिली कि अंग्रेजी शराब की एक बड़ी खेप ट्रक से बिहटा आ रही है। बिहटा थाना के सहयोग वाहन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस ने जब रोका तो चालक व उपचालक भागने लगे।
पुलिस ने दोनों को खदेड़कर पकड़ लिया और ट्रक की जांच की। पता चला कि ट्रक के डाले में आगे कैरेट में संतरा रखा था जिसे देखकर पुलिस थोड़ी देर के लिए भ्रमित हो गई। लेकिन पकड़े गए खलासी की निशानदेही पर गहन जांच की गयी तो तो पता चला कि संतरा के पीछे भारी मात्रा में विदेशी शराब के कार्टन रखे थे। उन्हें जब्त कर लिया।
इस संबंध में बिहटा थाना प्रभारी थानाध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि 3340 लीटर शराब जब्त की गई है, जिसकी बाजार की कीमत 35 लाख रुपये से ऊपर बतायी जा रही है। दनियावां पुलिस ने दनाडा गांव में तीन घरेलू शराब भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया है। मौके से आठ लीटर देसी और दो महिला शराब धंधेबाज व एक पुरुष को गिरफ्तार कर लिया।






