ईडी की टीम पर हमला मामला, पुलिस ने दो लोगों को किया गिरफ्तार

कोलकाता: पश्चिम बंगाल पुलिस ने ईडी टीम पर हमले के मामले में राज्य के उत्तर 24 परगना जिले में दो लोगों को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि संदेशखाली में एक हफ्ते पहले ईडी टीम पर हमला हुआ था, जिसके बाद यह गिरफ्तारी हुई है।

दोनों को जिले की नजात थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। राज्य पुलिस सूत्रों ने बताया कि गिरफ्तार लोगों की पहचान सुकमल सरदार और मेहबूब मोल्ला के रूप में हुई है। इनकी पहचान ईडी और सीएपीएफ कर्मियों पर हमले के वीडियो फुटेज से की गई थी।

सूत्रों ने कहा कि उन्हें क्षेत्र के मछली पालन फार्मों में से एक के भीतर एक गुप्त ठिकाने से गिरफ्तार किया गया। हालांकि, हमले के पीछे मुख्य मास्टरमाइंड और स्थानीय तृणमूल कांग्रेस नेता शेख शाहजहां अभी भी फरार है। ईडी के अधिकारियों ने शाहजहां के आवास पर पांच जनवरी को छापेमारी और तलाशी अभियान का प्रयास किया था।

ईडी पहले ही शाहजहां के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी कर चुकी है। बीएसएफ की सीमा चौकियों को भी सतर्क कर दिया गया है कि फरार नेता पड़ोसी देश बांग्लादेश भाग सकता है।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई