जिला निर्वाचन पदाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में लोकसभा निर्वाचन 2024 के निमित्त आहूत की गई बैठक

समाहरणालय सभागार, जमशेदपुर में जिला निर्वाचन पदाधिकारी श्री मनीष कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री किशोर कौशल की अध्यक्षता में लोकसभा निर्वाचन 2024 के निमित्त बैठक आयोजित किया गया। बैठक में क्रिटिकल और नन क्रिटिकल बूथ को चिन्हित करने, मतदान केन्द्रों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का भौतिक सत्यापन, सेक्टर पदाधिकारी एवं सेक्टर पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति, पुलिस पदाधिकारियों का प्रशिक्षण, शैडो थाना क्षेत्र को चिन्हित करने, मानव बल का आकलन, पोस्टल बैलेट का आकलन, प्रशिक्षण कार्यक्रम की अधतन स्थिति, चुनाव कार्य में प्रयुक्त होने वाले वाहनों का आकलन, ईवीएम वीवीपैट का डेमॉन्स्ट्रेशन कार्यक्रम समेत अन्य कोषांगों के दायित्व आदि बिदुओं पर विस्तार पूर्वक चर्चा एवम समीक्षा की गई।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने आगामी लोकसभा निर्वाचन 2024 के तहत सभी चुनावी प्रक्रियाओं को साफ-स्वच्छ, निष्पक्ष एवं निर्भीक होकर संपन्न कराने की बात कही। साथ ही उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी से अपेक्षा की जाती है कि उन्हें मतदान केंद्र तक पहुंच मार्ग, मतदान केंद्रों का भौतिक सत्यापन, चुनावी प्रबंधन, मतदान प्रक्रिया, ईवीएम, वीवीपैट की कार्य प्रणाली, आदर्श आचार संहिता, कोषांगों की भूमिका, सुदृढ़ कानून व्यवस्था के आदि का ज्ञान रहे।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि विभिन्न कोषांगों के लिए मानव बल की आवश्कता का आकलन कर जरूरी कार्रवाई सभी कोषांग के नोडल पदाधिकारी आपसी समन्वय से करेंगे । साथ ही चुनाव के दौरान पोस्टल बैलेट की आवश्कता का भी आकलन करने का निर्देश दिया गया। चुनाव को निष्पक्ष एवं बाधारहित संपन्न कराने को लेकर विभिन्न स्तर पर दिए जा रहे प्रशिक्षण कार्यक्रम की भी जानकारी ली गई। साथ ही चुनाव के दौरान कितने वाहनों की आवश्यकता होगी तथा आमजनों में ईवीएम वीवीपैट से मतदान करने के लिए व्यापक स्तर पर जागरुकता अभियान को संचालित करने का निर्देश दिया गया। उन्होने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं थाना प्रभारी को मतदान केन्द्रों तक पहुंच मार्ग व मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता में कोई कमी हो जिससे सुगमतापूर्वक चुनाव संपन्न कराने में बाधा उत्पन्न हो सकती है उसे ससमय दुरुस्त कराने का निर्देश दिया ।

वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी चेक पोस्ट को सक्रिय करने, आर्म्स लाइसेंस वेरिफिकेशन तथा ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन कार्य को पूरी निगरानी में थाना प्रभारी को कराने का निर्देश दिया गया। क्रिटिकल और नन क्रिटिकल बूथ को चिन्हित करने, सेक्टर पदाधिकारी एवं सेक्टर पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति, पुलिस पदाधिकारियों का प्रशिक्षण, शैडो थाना क्षेत्र को चिन्हित करने करने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि वैसे थाना क्षेत्र जहां चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार से दुर्भावना से प्रेरित होकर चुनाव कार्य में बाधा उत्पन्न किया जा सकता है वैसे क्षेत्रों को चिन्हित कर लें। पुलिस पदाधिकारी के लिए प्रशिक्षण पर उन्होने विशेष जोर दिया। उन्होने स्पष्ट कहा कि विधि व्यवस्था के संधारण में सभी सेक्टर पदाधिकारी एवं सेक्टर पुलिस पदाधिकारी की महत्वपूर्ण भूमिका होगी, सभी अपने दायित्यों को प्रशिक्षण के दौरान अच्छे से समझ लें। वैसे थाना क्षेत्र जहां के मतदान केन्द्रों में मोबाइल कनेक्टिविटी की समस्या है उसकी भी सूची समर्पित करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में सिटी एसपी श्री मुकेश लुणायत, ग्राणीण एसपी श्री ऋषभ गर्ग, अनुमंडल पदाधिकारी, धालभूम श्री पीयूष सिन्हा, अपर उपायुक्त श्री जयदीप तिग्गा, अपर जिला दण्डाधिकारी (विधि व्यवस्था) श्री राजीव रंजन, निदेशक, एन.ई.पी. श्रीमती ज्योत्सना सिंह, विशिष्ट पदाधिकारी अनुभाजन, जमशेदपुर श्री दीपू कुमार, डीसीएलआर श्री रविन्द्र गागरई, अनुमंडल पदाधिकारी, घाटशिला श्री सत्यवीर रजक, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री रोहित कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती प्रियंका सिंह समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Comment