पश्चिम बंगाल के जमुरिया में बड़ा हादसा हुआ है। जमुरिया के इकरा शिल्पा तालुक में गगन स्पंज आयरन फैक्ट्री के फर्नेस से पिघला हुआ गर्म लोहे की चपेट में आने से 1 मजदूर की मौत की खबर है जबकि 5 मजदूर पूरी तरह झुलस गए है। घटना में घायलों को रानीगंज के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक अन्य को दुर्गापुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जामुड़िया थाने की पुलिस घटना की जांच शुरू कर दी है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है फैक्ट्री के लोहा गलाने वाली भट्टी में लगे लैडल से पिघला हुआ लोहा ओवरफ्लो होकर गिरने से हादसा हुआ है। जमुरिया बाजार इलाके के रहने वाले किशन केसरी नामक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गयी है। शिफ्ट प्रभारी धर्मेंद्र मिश्रा बिहार के जमुई, उत्तर प्रदेश के बलियार निवासी देवेन्द्र कुमार यादव, बिहार के सिवान निवासी राम रतन राम और पूर्वी कॉलेज पारा, रानीगंज निवासी गंभीर रूप से घायल हो गए है। विवेक कुमार गोंड को रानीगंज के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बिहार के बांका जिले के भागपुर निवासी पप्पू यादव गंभीर रूप से घायल हो गये और उन्हें दुर्गापुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने फैक्ट्री प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है।






