रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपने दो दिवसीय तेलंगाना दौरे से वापस छत्तीसगढ़ लौट आए है. सीएम ने रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर पत्रकारों से चर्चा की. इस दौरान उन्होंने पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल के कर्मचारियों को ट्रेनिंग देने वाले बयान पर तंज कसते हुए पलटवार किया. सीएम ने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय (ED) और इनकम टैक्स डिपार्टमेंट (IT) की वजह से सभी कर्मचारी पहले से ही दबाव में है. बीजेपी अब जबरदस्ती क्यों नौटंकी कर रही है।
हमने चुनाव के दौरान देखा है कि सामग्री बांटे जाने की शिकायत के बावजूद उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई. सभी को धमकी दी गई है कि देख लो ED और IT तुम्हारे यहां भी आ सकती है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने तेलंगाना चुनाव को लेकर कहा कि तेलंगाना में सभी दल के स्टार प्रचारक पहुंचे हुए हैं. वहां जबरदस्त चुनावी सभा और कश्मकश देखने मिल रही है. राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी लगातार तेलंगाना का दौरा कर रहे है. वहां भी हमें कांग्रेस की सरकार आती हुई दिख रही है।






