जमशेदपुर प्रखंड की केवड़ाडूंगरी पंचायत के आहारगुट्टू गांव में पोटका विधायक संजीव सरदार ने 1.2 किलोमीटर लंबी सड़क का सोमवार को शिलान्यास किया. इस अवसर पर काफी संख्या में ग्रामीण महिला व पुरुष उपस्थित थे. विधायक ने नारियल फोड़कर कार्य का विधिवत शुभारंभ किया. बता दें कि यह सड़क मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत बनेगी, जो यूसीएल तुरामसीह पश्चिमी गेट से डूंगरीटोला, आहारगुट्टू होते हुए घोड़ाडंगा तक जाएगी. मौके पर विधायक के साथ सांसद विद्युत वरण महतो के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे. इस सड़क के बन जाने से लोगों को काफी सहूलियत होगी. सड़क का शिलान्यास होने से लोगों में काफी खुशी है.
जल्द बनेंगी और दो सड़कें
विधायक संजीव सरदार ने बताया कि चुनावी वादा के तहत इस सड़क की अनुशंसा उन्होंने मुख्यमंत्री से की थी. इस पर मुख्यमंत्री ने स्वीकृति दी, जिसके बाद इस सड़क का निर्माण कार्य शुरू हो पाया है. उक्त सड़क के बन जाने से मुख्य सड़क से आहारगुड्डू गांव के लोगों का संपर्क सीधे हो सकेगा. उन्होंने बताया कि एक और डीपीआर बनाकर मुख्यमंत्री को दिया जाएगा. इसके तहत सुंदरनगर, नीलडूंगरी चौक से जालियाबेड़ा, आहारगुट्टू होते हुए जेल चौक होते हुए कीताडीह बागबेड़ा की ओर निकलेगी. वहीं एक और सड़क का निर्माण होगा, जो नीलडूंगरी चौक से गौशाला होते हुए कीताडीह होते हुए स्टेशन की ओर जाएगी. इस मौके पर स्थानीय मुखिया कान्हू मुर्मू, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष बहादुर किस्कू के साथ काफी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे.






