दिल्ली। उत्तर भारत के राज्यों में ठंड में इजाफा देखा जाने लगा है. रात के वक्त तापमान में कमी दर्ज की जा रही है. इसके अलावा दिन के तापमान में भी पहले के मुकाबले गिरावट नजर आ रही है. सुबह के वक्त अब कुहासा भी नजर आने लगा है. 17 नवंबर यानी शुक्रवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री तो न्यूनतम तापमान 13 डिग्री दर्ज किया गया.
पंजाब, हरियाणा और दिल्ली के अधिकांश हिस्सों और उत्तर और उत्तर-पूर्व राजस्थान और पश्चिम उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी न्यूनतम तापमान 10 से 13 डिग्री के बीच पहुंच चुका है. मौसम विभाग के मुताबिक नई दिल्ली में शनिवार यानी 18 नवंबर को न्यूनतम तापमान 14 डिग्री तो अधितम तापमान 27 डिग्री दर्ज किया जा सकता है. इस दौरान राजधानी में ठीक-ठाक कोहरे का असर भी देखा जा सकता है.
यूपी की राजधानी लखनऊ में सुबह कोहरा रह सकता है और बाद में आसमान बिल्कुल साफ रहेगा. इस दौरान न्यूनतम तापमान 16 डिग्री और अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. लखनऊ के मुकाबले नोएडा का तापमान काफी कम बना हुआ है. वहीं, नोएडा में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री रह सकता है. अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहेगा. यहां भी कोहरा या धुंध रहेगा.






