नोएडा: नोएडा में सांप तस्करी और रेव पार्टी मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों में से राहुल यादव को दोबारा रिमांड पर लिया है। राहुल यादव की रिमांड गुरुवार दोपहर 12 बजे से शुरू हुई थी। 24 घंटे की इस रिमांड में राहुल से एल्विस यादव और फजलपुरिया समेत लोकेशन आदि अन्य विषयों पर भी पूछताछ हुई। इस दौरान उसने कई महत्वपूर्ण बातें बताईं।
रिमांड में पुलिस ने राहुल से उसकी डायरी में मिले फोन नंबर, लोकेशन और मीडिएटर के बारे में जानकारी ली। पुलिस जानना चाहती है कि राहुल कभी उन मीडिएटर से मिला है कि नहीं जिनके एक फोन पर पार्टी में सांप और वेनम लेकर जाता था।
इस बीच कुछ ऐसी सोशल नेटवर्किंग ऐप की जानकारी मिली जिनके जरिए डील होती थी। इसके अलावा वन विभाग के अधिकारी भी पूछताछ कर रहे है। जिन एप के जरिए राहुल मीडिएटर और अन्य लोगों से बातचीत करता था वो ऐप गूगल प्ले स्टोर और अन्य नेटवर्किंग प्लेट फार्म पर आसानी से नहीं मिलते। इसमें डेटा लीक होने का खतरा नहीं होता और इस पर ट्रैफिक कम होता है।






