ऑनलाइन ट्रांजेक्शन, यूपीआई पेमेंट्स पर खास नज़र रखे

अम्बिकापुर। निर्वाचन की तैयारियों की समीक्षा के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त विशेष प्रेक्षकों ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में बैठक लेकर आदर्श आचार संहिता के पालन, मतदान प्रतिशत में वृद्धि और निर्वाचन अवधि में कानून व सुरक्षा व्यवस्था पर जानकारी ली। आयोग द्वारा छत्तीसगढ़ के लिए नियुक्त विशेष सामान्य प्रेक्षक आईएएस धर्मेन्द्र एस. गंगवार, विशेष पुलिस प्रेक्षक आईपीएस अनिल कुमार शर्मा, विशेष व्यय प्रेक्षक आईआरएस राजेश टूटेजा हैं। इनके साथ संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी नीलेश कुमार महादेव क्षीरसागर भी बैठक में उपस्थित रहे। बैठक में समस्त विधानसभा क्षेत्रों के सामान्य, व्यय एवं पुलिस प्रेक्षकों सहित संभागायुक्त शिखा राजपूत तिवारी एवं आईजी अंकित गर्ग भी उपस्थित रहे।

बैठक में आदर्श आचार संहिता के पालन और उल्लंघन के प्रकरणों पर चर्चा करते हुए विशेष सामान्य प्रेक्षक गंगवार ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिप्रिय निर्वाचन के लिए जरूरी है, कि मतदाताओं को दिए जाने वाले प्रलोभनों पर सख्त नजर रखी जाये। इसके लिए जिले में जो फ्लांइग स्कवाड और स्टेटिक सर्विलांस टीम गठित की गई है, वे सतर्क रहें। बदलते समय के साथ इन प्रलोभनों को मतदाताओं तक पहुंचाने के लिए नए नए तरीके अपनाये जा रहे हैं। वाहनों की सघन जांच की जाये। संदिग्ध लगने पर बिना किसी हिचकिचाहट के जांच करें। विशेष व्यय प्रेक्षक टुटेजा ने कहा कि राशि के वितरण में यूपीआई पेमेंट्स पर खास नजर रखी जाये। प्रलोभन के पैटर्न को समझें जिससे कार्रवाई करने में मदद होगी। इसके साथ ही बड़ी मात्रा में सामग्री की खरीदी या भंडारण, अवैध शराब, नशीले पदार्थों का परिवहन, बैंकों से विशेष संख्या में राशि का ट्रांजेक्शन, इन सभी बिंदुओं पर आबकारी, पुलिस एवं लीड बैंक को निगरानी रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर कुन्दन कुमार ने जिले में आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन पर अभ्यर्थियों पर की कार्यवाही की जानकारी दी।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई