पीसीआर को एक जगह खड़ा ना रखे चालक- एसएसपी
दुर्गा पूजा को लेकर एसएसपी किशोर कौशल ने मंगलवार को पीसीआर और टाइगर मोबाइल के जवानों को ब्रीफिंग में कई आदेश दिए. उन्होंने पीसीआर में मौजूद रहने वाले कर्मियों को कहा कि त्योहारी सीजन में पीसीआर को एक जगह ना खड़ी करें बल्कि इलाके में गश्त करते रहें. इसके अलावा उन्होंने पूजा के दौरान विशेष चौकसी बरतने की नसीहत दी. उन्होंने बताया कि दुर्गा पूजा के मौके पर भीड़भाड़ वाले इलाके खासकर बाजार, बैंक और ज्वेलरी शॉप अपराधियों के निशाने पर होते हैं. ऐसे में पीसीआर सहित टैंगो एवं बाइक पेट्रोलिंग को तैयार रहना होगा. उन्होंने पीसीआर कर्मियों को कहा कि आए दिन पीसीआर की कई शिकायतें आ रही है कि कर्मी पीसीआर में ही सो जाते है. उन्होंने जवानों को चेतावनी दी कि अगर पीसीआर कर्मी कहीं भी रहते है तो वे पीसीआर से उतरकर बैठ जाया करें ना कि पीसीआर में ही बैठे रहे.फिर से शुरू होंगे सरकारी नंबर, दिए जाएंगे मोबाइल
एसएसपी ने बताया कि त्योहारी सीजन को लेकर यह तैयारियां की जा रही है. छोटी-मोटी घटनाओं से निपटने के लिए जिला पुलिस को तैयार किया जा रहा है. कई बार देखा गया है कि क्यूआर पेट्रोलिंग सिस्टम में कमी आ रही है. इसके लिए भी सभी को हिदायत गई है. उन्होंने बताया कि पूर्व में सभी पीसीआर और टाइगर मोबाइल के जवानों के पास एक सरकारी मोबाइल हुआ करता था जिसे फिर से चालू किया जाएगा. पीसीआर और टाइगर मोबाइल के जवान छोटे क्षेत्रों में गश्त करते है, इसलिए कई लोग उनसे परिचित होते है. लोग उनसे ही संपर्क करते है. उन्होंने कहा कि पुलिस कंट्रोल रूम को और सशक्त बनाया जा रहा है. उन्होंने शहरवासियों से दुर्गा पूजा के दौरान शांति बनाए रखने एवं पुलिस-प्रशासन को सहयोग करने की अपील की. वहीं किसी भी संवेदनशील पोस्ट या रफ ड्राइविंग करते पकड़े जाने पर कड़ी कार्रवाई की बात कही है.






