झारखण्ड | राजधानी में बड़ी आबादी को को नल से जल नहीं मिला. बूटी जलागार से जुड़े रातू रोड एवं टाउन लाइन से जलापूर्ति ठप रहने से शहर की करीब सात लाख की आबादी को पानी नहीं मिला. घरों में जरूरत भर पानी के लिए नल पर निर्भर लोग दिनभर परेशान रहे. निगम की ओर से कई वार्ड क्षेत्र में जल संकट वाले इलाके में 110 खेप टैंकरों से पानी की आपूर्ति की गई.
रोड लाइन से जुड़े इलाके में रातू रोड में देवी मंडप मोड़ तक सड़क के दोनों छोर, मधुकम, साई विहार कॉलोनी, इरगू टोली, हरमू रोड में न्यू मार्केट से पुरानी रांची, हिन्दपीढ़ी, अपर बाजार, गाड़ीखाना, किशोरगंज, महावीर चौक, प्यादा टोली इलाके में लोगों की परेशानी बढ़ी रही. वहीं टाउन लाइन से संबंधित इलाके में बूटी रोड, कोकर, नामकुम, टाटीसिलवे, एमईएस, लालपुर, स्टेशन रोड, चुटिया, कडरू रोड, मेन रोड समेत अन्य इलाके में रहने वाले लोग जरूरत भर पानी के लिए परेशान रहे.
मेकेनिकल यूनिट ने बिना पूर्व सूचना के लिया शट डाउन
पीएचइडी रांची की मेकेनिकल यूनिट ने बिना पूर्व सूचना के को शट डाउन लिया था. इस कारण पानी को लेकर लोग बेहाल रहे. बताया गया कि रुक्का जलशोधन केंद्र में मेकेनिकल यूनिट की ओर से मरम्मत एवं रखरखाव से संबंधित कुछ जरूरी काम होना था. इसको लेकर रुक्का प्लांट से दिनभर जलापूर्ति नहीं हुई. इसी दौरान बूटी जलागार सम्प और टंकियों की सफाई का काम भी हुआ. टंकियों से गाद हटाने एवं केमिकल ट्रीटमेंट में पूरा दिन गुजर गया.
रुक्का प्लांट का काम समाप्त होने के बाद देर शाम इंटेक वेल को चालू किया गया. इसके दो घंटे बाद बूटी सम्प को पानी भेजने का काम शुरू हुआ. देर रात तक बूटी सम्प में पानी इकट्ठा किया जाता रहा. जिस कारण दोनों मुख्य पाइप लाइन से जलापूर्ति संभव नहीं हुआ. बूटी जलागार से अब को जलापूर्ति होगी.






