जिला दण्डाधिकारी-सह- उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने क्षेत्र भ्रमण के क्रम में सरकारी विद्यालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का किया औचक निरीक्षण
बच्चों से संवाद स्थापित कर पठन-पाठन की ली जानकारी, स्वच्छता व बेहतर स्वास्थ्य के प्रति किया प्रेरित
रास्ते में ग्रामीणों से मिलकर सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है या नहीं इसकी ली जानकारी
क्षेत्र भ्रमण के क्रम में जिला दण्डाधिकारी-सह- उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री मुसाबनी प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित हिन्दी उच्च विद्यालय चापड़ी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होने शिक्षकों एवं छात्रों की उपस्थिति पंजी देखी तथा विभिन्न कक्षाओं में जाकर छात्र-छात्राओं से पठन-पाठन की जानकारी ली। उन्होंने छात्रों से केला, पपीता, मुनगा व इसी तरह से स्थानीय स्तर पर उपलब्ध अन्य फलों और सब्ज़ियों को नियमित पोषक आहार के रूप में लेने की बात कही। उन्होंने छात्रों से उनके घरों में शौचालय की उपलब्ता की जानकारी ली। छात्रों से कहा कि शौचालय का घर में होना स्वच्छ और स्वस्थ जीवन के लिए अनिवार्य है। उन्होंने छात्रों के बीच स्कूल ड्रेस का वितरण की जानकारी ली तथा, मिड डे मिल की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश स्कूल प्रबंधन को दिया ।
निरीक्षण के क्रम में जिला दण्डाधिकारी-सह- उपायुक्त ने स्कूल के प्राचार्य को परिसर में पौधारोपण के निर्देश दिए । प्रोजेक्ट रेल के तहत छात्रों के साप्ताहिक टेस्ट मूल्यांकन की जानकारी ली तथा बच्चों से उत्साह के साथ पढ़ने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय के शिक्षको को उन्होंने निर्देश दिया कि बच्चों को हमेशा आगे बढ़ने और अच्छी तरह से पढ़ने के लिए प्रोत्साहित करें और किसी भी विषम परिस्थिति में अपने लक्ष्य को हासिल करने का जज़्बा बच्चों में भरें। विद्यालय में मध्यान भोजन के क्रियान्वयन की जांच की गई और इसी क्रम में किचन का भी निरीक्षण किया।
स्वच्छता, स्वास्थ्य और शिक्षा जिला प्रशासन की प्राथमिकता
क्षेत्र भ्रमण के क्रम में कुछ ग्रामीणों को घर के बाहर बैठा देख जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त उनसे मिलने पहुंचे। उन्होने महिलाओं से शौचालय की उपलब्धता की जानकारी ली, बच्चों से स्कूल जाने को लेकर पूछा। साथ ही राशन, सर्वजन पेंशन का लाभ उन्हें मिल रहा है या नहीं इसकी जानकारी ली। बच्चों के अभिभावकों ने बताया कि सभी बच्चे का दाखिला आवासीय विद्यालय में है जिसपर प्रसन्नता जताई। साथ ही शौचालय का नियमित उपयोग करने, जिनके घरों में शौचालय नहीं है उन्हें शौचालय निर्माण के लिए प्रेरित करने की बात कही।
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में मरीजों से पूछा कुशलक्षेम, व्यवस्था दुरूस्त रखने के दिए निर्देश
जिला दण्डाधिकारी-सह- उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजंत्री ने केन्दाडीह सीएचसी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल के सभी सुविधाओ एवं व्यवस्थाओं का जायज़ा लेते हुए सुनिश्चित किया कि सभी मौजूद सुविधाएं एवं व्यवस्थाएं उचित एवं सुचारू रूप में हो। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने विभिन्न वार्डो का निरीक्षण किया तथा चिकित्सकों की रोस्टर ड्यूटी की पंजी, दवा की उपलब्धता, साफ सफाई, क्षेत्र में डेंगू रोग की स्थिति तथा अस्पताल में मौजूद अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही सभी सुयोग्य ग्रामीणों को आयुष्मान योजना से आच्छादित करने के निर्देश दिए ।
जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त ने अस्पताल में पेयजल की व्यवस्था और साफ सफाई का भी जायजा लिया और निर्देश दिया कि हमेशा उबला हुआ पानी ही पेयजल के लिए उपयोग में लाया जाए। इसी क्रम में उपायुक्त ने अस्पताल के बिजली वयवस्था की भी जांच की और बिजली व्यवस्था हमेशा दुरुस्त रहे इसके लिए आवश्यक क्षमता का जनरेटर क्रय करने का निर्देश दिया। साथ ही मुख्य द्वार पर व्हीलचेयर और स्ट्रेचर के लिए रैंप निर्माण करने का भी निर्देश दिया।





