धनबाद में 26 लाख लोगों का बनेगा आयुष्‍मान कार्ड, स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत उठाए जाएंगे कई अहम कदम

धनबाद में स्वच्छता ही सेवा अभियान की शुरुआत हुई। इसके साथ ही सरकारी अस्पतालों में विशेष सफाई पर ध्‍यान दिया जा रहा है। जिले में यह अभियान 2 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान न केवल सरकारी संस्‍थानों की सफाई की जाएगी बल्कि इस दौरान लोगों के आयुष्‍मान कार्ड बनाने पर भी जोर दिया जाएगा। स्‍वास्‍थ्‍य शिविर का भी आयोजन किया जाएगा।

केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण स्वच्छता ही सेवा अभियान जिले में शुरू हो गई है। इसे लेकर सभी सरकारी अस्पताल और स्वास्थ्य केंद्र में विशेष साफ सफाई अभियान शुरू की गई है। 16 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले इस विशेष अभियान में सभी सरकारी संस्थानों को शामिल किया गया है।

सदर अस्पताल में इसे लेकर विशेष अभियान शुरू किया गया। पूरे अस्पताल परिसर और ड्रेनेज की साफ-सफाई की जा रही है। सिविल सर्जन डॉक्टर चंद्रभानु प्रतापन ने इस संबंध में सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी को निर्देश दिया है।
आम लोगों के लिए जांच शिविर, 26 लाख लोगों को आयुष्मान कार्ड
इसके साथ ही 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक आयुष्मान भव सेवा पखवाड़ा की भी शुरुआत की गई है। सिविल सर्जन ने बताया कि इस सेवा पखवाड़ा के तहत आम लोगों के लिए विभिन्न प्रकार के स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

इसमें घर-घर जाकर आयुष्मान कार्ड बनाने, इसके सूचीबद्ध अस्पतालों में सेवाएं दुरुस्त करने और उनकी निगरानी, लोगों को गोल्डन कार्ड बनवाने आदि की सहायता प्रदान की जा रही है।
उन्होंने बताया कि धनबाद में अब तक 8.42 लाख लोगों का आयुष्मान कार्ड बनाया गया है। कुल 26 लाख लोगों को कार्ड बनाने का लक्ष्य रखा गया है, काम में तेजी लाई जा रही है। विभिन्न जगहों पर कैंप आयोजित करके कार्ड बनाया जा रहा है।
व्यक्तिगत स्वच्छता पर भी किया जा रहा है जागरूक
सिविल सर्जन ने बताया कि विभिन्न अभियान के तहत व्यक्तिगत स्वच्छता पर भी जोड़ दिया जा रहा है। इनमें महिलाओं की हाइजीन के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है।

गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व योजना के तहत निगरानी की जा रही है। केंद्र और राज्य सरकार की ओर से विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही है।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई