झारखण्ड | शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए रांची पुलिस की टीम सड़क पर उतर गई. एक तरफ जहां पुलिस ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए अतिक्रमण हटा रही थी, वहीं दूसरी तरफ पूरे शहर का मुख्य मार्ग जाम में तब्दील हो गया. शहर के व्यस्ततम मार्ग में वाहन चालकों की लंबी कतार लगी रही. हालत ये थी कि सड़कों पर वाहन घंटों रेंगते रहे. यह स्थिति थी शहर के मेन रोड, रातू रोड, लालपुर, सरकुलर रोड, अपर बाजार, मिशन चौक, कर्बला चौक, उर्दू लाइब्रेरी समेत कई मार्गों की. इन मार्गों पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मी भी जाम से निजात दिलाने में लगी हुई थी. इसके लिए उन्हें घंटों मशक्कत करनी पड़ी. शाम चार बजे के बाद शहर के व्यस्ततम मार्गों में यातायात व्यवस्था सामान्य हुई.
टीम पहुंचते ही चर्च रोड में मची अफरा-तफरी मेन रोड से सटे चर्च रोड में सबसे अधिक अतिक्रमण किया गया है. यहां पर स्थायी दुकानदारों की ओर से ही अपनी दुकानों के सामान को सड़क पर रख दिया जाता है, जिससे यातायात बाधित होता रहता है. सिटी डीएसपी दीपक कुमार और थानेदार दयानंद कुमार चर्च रोड पहुंचे. हालांकि पुलिस की टीम को देखते ही दुकानदारों में हड़कंप मच गया. इस दौरान पुलिस की टीम ने आधा दर्जन से ज्यादा दुकानदारों के सामान को सड़क से हटवाया. निर्देश दिया कि अगर वे दोबारा सड़क का अतिक्रमण कर दुकानों का सामान रखते हैं तो उनके सामान को जब्त कर लिया जाएगा. वहीं, मेन रोड में कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय और थानेदार शैलेश प्रसाद की ओर से कचहरी चौक से उर्दू लाइब्रेरी तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया. पुलिस की टीम ने सड़क किनारे लगे ठेला-खोमचा को हटवाया. स्थायी दुकानदारों द्वारा दुकान के बाहर रखे गए सामान को भी हटाया गया.






