पटना: लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने मंगलवार को कहा कि लोकसभा चुनाव के साथ बिहार विधानसभा चुनाव हो सकता है। प्रदेश स्तर पर जो हालात बन रहे हैं, उसमें यह तय लग रहा है। चिराग पासवान ने पटना से ‘बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट’ संकल्प यात्रा रवाना किया। इस दौरान उन्होंने नीतीश कुमार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार पीएम बनने के लिए महागठबंधन में गए थे। तीन बैठकों के बाद भी कुछ निर्णय नहीं हुआ। ऐसे में आगे भी मुख्यमंत्री को कुछ नहीं मिला तो ये गठबंधन से अलग हो जाएंगे।
उन्होंने कहा कि एनडीए की सरकार जब बिहार में बनेगी तो ‘बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट’ को लेकर काम किया जाएगा। जमुई के सांसद चिराग पासवान ने बताया कि यह यात्रा पांच चरणों में प्रदेश के 38 जिलों तक पहुंचेगी। 25 नवंबर को संकल्प यात्रा पटना में संपन्न होगी और 28 नवंबर को गांधी मैदान में एक बड़ी रैली होगी। ‘बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट’ को लेकर बिहार के तमाम लोग इस रैली में शामिल होंगे। उन्होंने सनातन धर्म पर हो रहे हमले की भी निंदा करते हुए कहा कि राजनीति में तो धर्म, जाति की चर्चा नहीं की जानी चाहिए।






