रांची: झारखंड हाई कोर्ट के आदेश पर राज्य के साहिबगंज जिले में करीब 1,000 करोड़ रुपये के अवैध खनन से जुड़े मामले की सीबीआई जांच शुरू हो गयी है. पिछले गुरुवार को प्रारंभिक जांच के लिए सीबीआई की सात सदस्यीय टीम साहिबगंज पहुंची थी.
आपको बता दें कि इस मामले की ईडी जांच पहले से ही चल रही है, जिसमें एक दर्जन से ज्यादा आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है. जेल में बंद आरोपियों में सीएम हेमंत सोरेन के विधानसभा क्षेत्र के विधायक पंकज मिश्रा भी शामिल हैं.
झारखंड हाई कोर्ट ने विजय हंसदा नाम के शख्स की जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए मामले की जांच सीबीआई को करने का निर्देश दिया था. विजय हांसदा ने अपनी याचिका में कहा था कि जब उन्होंने साहिबगंज में अवैध खनन रोकने की कोशिश की तो पंकज मिश्रा ने उन्हें धमकी दी थी. साजिश के तहत उनके खिलाफ साहिबगंज थाने में एसटी/एससी का मामला दर्ज कराया गया.
जिसके बाद कोर्ट ने इस मामले में आदेश देते हुए सीबीआई को आरोपी और याचिकाकर्ता दोनों के आचरण की जांच करने को कहा है. सीबीआई को एक महीने के भीतर प्रारंभिक जांच रिपोर्ट कोर्ट में सौंपने को कहा गया है.






